12 जुलाई को 1500 पीजीटी शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देंगे सीएम हेमंत [CM Hemant will give appointment letters to 1500 PGT teachers on July 12]

2 Min Read

रांची। 1500 पीजीटी शिक्षकों को 12 जुलाई को नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा। 12 जुलाई को दोपहर 12:30 बजे रांची के धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।

इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विशिष्ट अतिथि के तौर पर वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता उपस्थित होंगे।

इस समारोह के दौरान विज्ञापन संख्या 02/2023 और 03/2023 के आधार पर सात विषयों में अंतिम रूप से सफल अभ्यर्थियों को यह नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।

3120 पदों पर होनी थी नियुक्ति

राज्य में वर्ष 2022 में 3120 प्लस टू शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गयी थी। इसमें से प्रथम चरण में लगभग 1000 शिक्षकों को इस वर्ष मार्च में नियुक्ति पत्र दिया गया था।

झारखंड के नव चयनित शिक्षकों के प्रमाण पत्रों की जांच की प्रक्रिया पूरी हो गयी है। गणित, इतिहास, हिंदी, अर्थशास्त्र, संस्कृत, अंग्रेजी व वाणिज्य विषय के शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया जायेगा।

बता दें कि नई सरकार बनने के बाद यह पहली बार होगा जब नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा। इस परीक्षा को लेकर कई सवाल भी उठाए जा रहे हैं।

राजभवन के पास पिछले 25 दिन से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि इस परीक्षा में धांधली हुई थी। इसलिए परीक्षा की सीबीआई जांच की मांग उठ रही है।

बता दें कि नियुक्ति पत्र वितरण का यह कार्यक्रम 3 जुलाई को निश्चित था, लेकिन हेमंत सोरेन के जेल से रिहा होने के बाद झारखंड में राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदले।

अचानक गठबंधन सरकार के विधायक दल की बैठक बुलाई गई। इसकी वजह से चंपाई सोरेन ने अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए थे।

3 जुलाई को ही चंपाई सोरेन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसी वजह से शिक्षकों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण नहीं हो पाया।

इसे भी पढ़ें

1500 नवचयनित शिक्षकों को सीएम चंपाई देंगे नियुक्ति पत्र

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं