रांची स्मार्ट सिटी को मिला राष्ट्रीय सम्मान, दिखाया एआई का बेहतर इस्तेमाल [Ranchi Smart City received national honor, showed better use of AI]

2 Min Read

रांची। रांची स्मार्ट सिटी ने एक बार फिर स्मार्ट प्रैक्टिस के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता साबित की है। झारखंड की राजधानी को 19 से 21 मार्च 2025 तक नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित कंवर्जेंस इंडिया कार्यक्रम में भारत सरकार द्वारा नगर विकास में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) के बेहतर उपयोग के लिए सम्मानित किया गया।

यह सम्मान इंडिया ट्रेड प्रोमोशन ऑर्गेनाइजेशन (आईटीपीओ) और स्मार्ट सिटी इंडिया एक्सपो द्वारा प्रदान किया गया।

स्मार्ट सिटी से मांगा गया था नॉमिनेशन

कंवर्जेंस इंडिया कार्यक्रम के तहत देशभर की स्मार्ट सिटीज से एआइ और अन्य तकनीकी पहलुओं में किए गए कामों पर नामांकन मांगे गये थे। रांची स्मार्ट सिटी ने एआइ के इस्तेमाल के साथ कई क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिसमें एआइ आधारित ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (एएनपीआर) और ई-चालान प्रणाली प्रमुख थी।

इसके माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन होने पर चालान भेजने की प्रक्रिया पूरी तरह से स्वचालित हो गई है, जिससे मैन्युअल हस्तक्षेप की आवश्यकता खत्म हो गई है और चालान प्रक्रिया में पारदर्शिता आई है।

रांची के स्टॉल की सराहना

यह सम्मान रांची स्मार्ट सिटी के सीईओ अमित कुमार और तकनीकी जीएम राकेश कुमार नंदक्योलियार ने प्राप्त किया। एआई आधारित इस सेवा ने शहर में जुर्माना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया है।

जिससे लंबित चालानों में कमी आई है। विभिन्न सरकारी एजेंसियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति समाप्त हुई है। समारोह में रांची स्मार्ट सिटी ने अपना स्टॉल भी लगाया था।

जहां भारत और दुनिया भर के प्रतिनिधियों ने स्मार्ट सिटी के विकास कार्यों को सराहा। रांची की इस पहल को एक मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया गया, जो अन्य शहरों के लिए प्रेरणास्त्रोत बन सकता है।

इसे भी पढ़ें

खरमास के बाद स्मार्ट सिटी में मंत्रियों के लिए नवनिर्मित बंगलो में होगा प्रवेश

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं