Ranchi traffic update
रांची। रांची में बढ़ते ट्रैफिक दबाव से राहत दिलाने के लिए राज्य सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। करमटोली से साइंस सिटी (चिरौंदी) तक नया फ्लाईओवर बनाने की योजना को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंजूरी दे दी है। यह फ्लाईओवर करीब 3.216 किलोमीटर लंबा होगा, जिससे राजधानी के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक पर ट्रैफिक की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
रांची में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है
दरअसल, रांची में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि सड़कों की चौड़ाई सीमित है। करमटोली से साइंस सिटी और चिरौंदी चौक तक का मार्ग अक्सर जाम की चपेट में रहता है। रिंग रोड के चालू होने के बाद इस रास्ते पर वाहनों का दबाव और बढ़ गया है। इसी को देखते हुए सरकार ने इस फ्लाईओवर परियोजना को हरी झंडी दी है।
प्रस्तावित फ्लाईओवर करमटोली से शुरू होकर कहां तक जायेगी
प्रस्तावित फ्लाईओवर करमटोली से शुरू होकर साइंस सिटी होते हुए चिरौंदी चौक तक जाएगा। इसके अलावा मोरहाबादी तक 516 मीटर लंबा एक लिंक रोड भी बनाया जाएगा। इससे अल्बर्ट चौक, दिव्यायन चौक, साइंस सिटी और चिरौंदी चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक की समस्या को स्थायी समाधान मिलने की संभावना है।
इस फ्लाईओवर के बनने से रामगढ़ और हजारीबाग की ओर से रांची आने-जाने वाले वाहनों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही रिंग रोड और एनएच-20 से बेहतर कनेक्टिविटी भी सुनिश्चित होगी, जिससे राजधानी का ट्रैफिक प्रबंधन और सुगम होगा।
अब इस परियोजना को मिलने मंजूरी
गौरतलब हो कि इसी साल सितंबर में विभागीय प्रस्तुति देखने के बाद मुख्यमंत्री ने अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ और करमटोली से साइंस सिटी तक फ्लाईओवर के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए थे। अब इस परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है। पहले से बने सिरम टोली–मेकॉन, कोकर–बहुबाजार और रातू रोड फ्लाईओवर से शहर में ट्रैफिक दबाव कम हुआ है। नए फ्लाईओवर के निर्माण से रांचीवासियों को आने वाले समय में और बेहतर, सुगम और सुरक्षित यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।








