Ranchi Corporation:
रांची। मानसून की पहली बारिश ने ही रांची नगर निगम की पोल खोल दी है। बारिश से पहले नगर निगम ने टोल फ्री नंबर जारी किया था। दावा था कि किसी को भी बारिश में किसी प्रकार की समस्या हो, तो इसपर शिकायत दर्ज कराएं, निगम तुरंत इसका समाधान करेगा। पर यह दावा धरा का धरा रह गया। बहु बाजार स्थित चुनवा टोली में डॉ. उषा सिंकू के यहां नगर निगम की टीम पहुंची ही नहीं सकी।
उनके घर में सुबह 4 बजे से ही पानी घुसने लगा था। देखते ही देखते पूरा घर तालाब बन गया। सुबह होते ही उन्होंने फोन कर निगम से सहायता की गुहार लगाई पर उनतक सहायता नहीं पहुंच पाई। कई क्षेत्रों से सूचना देने के बाद भी वहां समस्या का समाधान नहीं होने के मामले में निगम के सहायक जन संपर्क पदाधिकारी अनुराग बोस ने कहा कि टीम को पूरी तरह से निर्देश दिया गया है। जहां जल जमाव की परेशानी है, उसे दूर किया जा रहा है।
Ranchi Corporation: 25 शिकायतों के समाधान का निगम ने किया दावाः
लगातार हो रही बारिश से रांची नगर निगम क्षेत्र के कई इलाकों में जलजमाव की समस्या आईं। प्रशासक के निर्देश पर निगम की स्वच्छता शाखा की टीम ने वार्ड वार निरीक्षण भी किया। 8 जेसीबी, 1 डीसिल्टिंग मशीन, 2 सुपर सकर मशीन और 6 सक्शन मशीन भी लगाई गई। गुरुवार को सुबह से शाम तक नगर निगम के पास जलजमाव की परेशानी से संबंधित 25 शिकायतें आईं। निगम ने दावा किया कि सभी समस्याओं का समाधान कराया गया।
Ranchi Corporation: सरकार ने दिया है ये निर्देशः
वहीं, राज्य सरकार ने राज्य के सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देशित किया है कि वे भारी वर्षा से हुई क्षति का त्वरित आकलन कर उसका प्रतिवेदन शीघ्र विभाग को उपलब्ध कराएं।
इसे भी पढ़ें
Weather Update: गर्मी को लेकर रांची नगर निगम की टीम अलर्ट, 24 घंटे में होगा शिकायतों का निपटारा