Aadhaar Seva Kendra in Ranchi: रांची में सिर्फ एक आधार सेवा केंद्र, लोगों को हो रही परेशानी

Anjali Kumari
3 Min Read

Aadhaar Seva Kendra in Ranchi

रांची। रांची में आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं को लेकर लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बता दें शहर में फिलहाल केवल एक ही आधार सेवा केंद्र संचालित है, जिससे काम की रफ्तार काफी धीमी हो गई है। रांची के कई स्कूलों में परमानेंट एजुकेशन नंबर (पेन) बनाने की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन बच्चों के आधार कार्ड में त्रुटि होने के कारण उनका पेन नहीं बन पा रहा है। स्कूल प्रबंधन द्वारा आधार अपडेट कराने का दबाव बनाए जाने से अभिभावक खासे परेशान हैं।

गैलेक्सिया मॉल का आधार सेवा केंद्र बंद

रातू रोड स्थित गैलेक्सिया मॉल का आधार सेवा केंद्र बंद कर दिया गया है, जबकि कांटाटोली के इस्टेट प्लाजा स्थित आधार केंद्र को कैटेगरी ‘ए’ से घटाकर ‘बी’ कर दिया गया है। इसके चलते वहां कंप्यूटरों की संख्या 16 से घटकर सिर्फ 8 रह गई है। नतीजतन, सेवा क्षमता कम हो गई है और लंबी कतारें लग रही हैं।

आधार केंद्र में रोज सुबह 9 बजे से ही भीड़ उमड़ने लगती है। शाम 6 बजे तक महज 500 से 600 लोगों का ही काम हो पाता है, जबकि सैकड़ों लोग बिना काम कराए लौटने को मजबूर हो जाते हैं। शुक्रवार को भी लंबा इंतजार करने के बाद कई लोग निराश होकर वापस चले गए।

राज्य के 11 जिलों में नए आधार सेवा केंद्र खोलने का फैसला

मूरी से अपने बच्चे का आधार अपडेट कराने आई रीता देवी ने बताया कि केंद्र के कर्मचारी सही जानकारी नहीं देते, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या से राहत देने के लिए सरकार ने राज्य के 11 जिलों में नए आधार सेवा केंद्र खोलने का फैसला लिया है। ये केंद्र दो चरणों में शुरू किए जाएंगे। पहले चरण में देवघर, हजारीबाग, बोकारो और गिरिडीह में केंद्र खोले जाएंगे। इसके बाद अन्य छोटे जिलों में भी आधार सेवा केंद्र शुरू होंगे, जिससे लोगों को आधार सेवाओं के लिए दूसरे जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

Share This Article