15 मार्च को झारखंड आएंगे राजनाथ सिंह, कार्यकर्ताओं को देंगे जीत का मंत्र

2 Min Read

रांची, एजेंसियां। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 15 मार्च को झारखंड आयेंगे।

यहां वह चतरा के इटखोरी से लोकसभा चुनाव का शंखनाद करेंगे। उनका कार्यक्रम 15 मार्च को निर्धारित हो गया है। जिला भाजपा कमेटी ने राजनाथ सिंह के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी है।

भाजपा के जिला अध्यक्ष रामदेव सिंह भोगता ने बताया कि 15 मार्च को दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच राजनाथ सिंह का आगमन मां भद्रकाली मंदिर परिसर में होगा।

मां भद्रकाली मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद वह मंदिर परिसर के समीप भाजपा के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करेंगे।

कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश उपाध्यक्ष कालीचरण सिंह, स्थानीय सांसद सुनील कुमार सिंह, राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू, स्थानीय विधायक किशुन कुमार दास भी शामिल होंगे।

जिला अध्यक्ष ने बताया कि बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में चतरा लोकसभा क्षेत्र के सभी बूथों से कार्यकर्ताओं का जुटान होगा।

उन्होंने बताया कि बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में 20 हजार कार्यकर्ताओं को बुलाने का लक्ष्य रखा गया है।

इसकी तैयारी तेज कर दी गई है। हर बूथ से कम से कम दस कार्यकर्ताओं को लाने की योजना तैयार की गई है।

राजनीतिक हल्कों में भाजपा के बूथ स्तरीय इस कार्यकर्ता सम्मेलन को लोकसभा चुनाव का शंखनाद माना जा रहा है।

इसे भी पढ़ें 

पीएम मोदी कल रांची के 1008 लाइट हाउस का करेंगे ऑनलाइन उद्घाटन

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं