Rains in Jharkhand: झारखंड में थमने लगी बारिश, 12 अक्टूबर से मानसून की वापसी

3 Min Read

Rains in Jharkhand:

रांची। झारखंड में अब मानसून की वापसी शुरू होने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 अक्टूबर से राज्य में मानसून लौटना शुरू करेगा और 15 से 16 अक्टूबर तक इसकी पूरी तरह समाप्ति हो जाएगी। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दवाब अब कमजोर पड़ गया है, जिसके बाद बारिश की रफ्तार कम हो गई है। बुधवार को रांची से सटे खूंटी जिले में 8.5 मिमी और डाल्टेनगंज में 1.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी हुई।

दीपावली और छठ पर रहेगा साफ मौसम

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि दीपावली और छठ पूजा के दौरान राज्यभर में बारिश की कोई संभावना नहीं है। 12 अक्टूबर से आसमान साफ रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू होगी। दीपावली के बाद हल्की सिहरन महसूस होगी, जबकि नवंबर के पहले सप्ताह से ठंड में वृद्धि की उम्मीद है।

अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान लगभग 30°C और न्यूनतम तापमान 20°C के आसपास रहने का अनुमान है। 11 अक्टूबर तक कुछ इलाकों में आंशिक बादल और हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन इसके बाद मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा।

बारिश थमते ही लौटी रौनक

लगातार हो रही बारिश से दुर्गा पूजा के दौरान प्रभावित हुई गतिविधियां अब तेजी से पटरी पर लौट रही हैं। रांची समेत पूरे राज्य में बाजारों में दीपावली की रौनक दिखाई देने लगी है। लोग घरों की सफाई, रंग-रोगन और खरीदारी में व्यस्त हैं।पेंट, हार्डवेयर और सजावट की दुकानों पर भीड़ बढ़ी है। व्यापारियों का कहना है कि साफ मौसम रहने से दीपावली पर अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।

राज्य के कई हिस्सों में मौसम सुहावना हो गया है और शाम के समय हल्की ठंडक का अहसास शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने लोगों को अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट के लिए तैयार रहने की सलाह दी है।

इसे भी पढ़ें

Heavy rain cause flood Jharkhand: झारखंड में भारी बारिश से बाढ़ का संकट, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी राहत की घोषणा

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं