चक्रवाती तूफान ‘मिचौंग’ से बिगड़ा मौसम का मिजाज, झारखंड में बारिश, अलर्ट जारी

2 Min Read

रांची। राजधानी रांची समेत पूरे राज्य के मौसम में बदलाव हुआ है। कई इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। रांची समेत कई इलाकों में हल्की वर्षा भी हो रही है। ज्यादातर इलाकों में सुबह के समय कोहरा या धुंध छाया है।

दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इस सिस्टम का असर अगले तीन दिनों तक रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से में उठ रहा चक्रवाती तूफान मिचौंग चार दिसंबर की शाम चेन्नई और मछलीपट्टनम के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश और इसके आसपास के उत्तरी तमिलनाडु तटों को पार कर चुका है।

इसका असर झारखंड में भी पड़ा है। मंगलवार को राज्य के दक्षिणी हिस्से सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा तथा रांची में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की खबर है। छह एवं सात दिसंबर को भी कुछ इलाकों में हल्की वर्षा हो सकती है।

सात दिसंबर को राज्य के दक्षिणी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा की संभावना है। फिलहाल तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। सात दिसंबर के बाद पूरे राज्य में ठंड का असर बढ़ सकता है।

सुबह से छाए हैं बादल

रांची में भी बदलते मौसम का असर देखा जा रहा है। सुबह से ही राजधानी में बादल छाए हैं और कई इलाकों में वर्षा भी हुई है। मौसम बदलने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। अहले सुबह कोहरे और धुंध का भी असर देखा गया।

राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां व निकटवर्ती मध्य हिस्से यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी में कहीं कहीं हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा की संभावना है।

वहीं इन जगहों पर सात दिसंबर को कहीं कहीं गर्जन व वज्रपात होने की भी संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं