रांची में बड़े वाहनों की नई एंट्री टाइमिंग का विरोध, परिवहन व्यवसायियों ने 4 अगस्त तक का दिया अल्टीमेटम [Protest against new entry timing of big vehicles in Ranchi, transport businessmen gave ultimatum till 4th August]

2 Min Read

रांची। रांची के जालान रोड के परिवहन व्यवसायियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने नो एंट्री को लेकर जारी नए निर्देश से हो रही परेशानियों को लेकर बैठक की।

इसमें झारखंड मोटर फेडरेशन, झारखंड मजदूर यूनियन, लोकल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल हुए। उन्होंने प्रशासन को 4 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया है, ताकि प्रशासन पुरानी समयसारिणी को प्रभावी करे।

चरणबद्ध आंदोलन करेंगे

उनका कहना है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे। परिवहन व्यवसायियों ने बताया कि नए समय के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आगे उन्होंने कहा कि नए समय से न केवल ऑटो चालक बल्कि पूरा लॉजिस्टिक सिस्टम प्रभावित है।

इससे चालक-श्रमिक के साथ सीएनएफ, डिस्ट्रिब्यूटर, परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों की रोजी-रोटी पर असर पड़ रहा है। बैठक में परिवहन व्यवसायियों ने चरणबद्ध आंदोलन की योजना बनाई है।

पुराना सिस्टम लागू करने की मांग

वहीं, झारखंड मोटर फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष ललित नारायण ओझा ने कहा कि अगर रविवार तक जिला प्रशासन ने एंट्री की पुरानी समयसारिणी को प्रभावी नहीं किया तो राजधानी के 25 हजार घरों में चूल्हा जलने का संकट आ जाएगा।

उन्होंने कहा कि गरीबों के पेट पर लात मारने वाले कानून का हम सभी विरोध करते हैं। परिवहन व्यवसायियों ने कहा कि वे चरणबद्ध आंदोलन में मानव श्रृंखला बनाएंगे, जिसमें वे राजभवन के सामने विरोध प्रदर्शन करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री और राज्यपाल को पत्र लिखकर पुराने समय को बहाल करने की मांग करेंगे।

इसे भी पढ़ें

रामनवमी को लेकर रांची की ट्रैफिक में बदलाव, बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं