गिरिडीह, एजेंसियां। उत्पाद सिपाही बहाली में शामिल एक और अभ्यर्थी की मौत हो गई, जिससे इस बहाली प्रक्रिया के दौरान मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।
शुक्रवार सुबह गिरिडीह में बिरंची राय नामक युवक की दौड़ के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।
बिरंची राय गिरिडीह के राजधनवार का रहने वाला था और वह उत्पाद सिपाही बहाली के लिए दौड़ में शामिल हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, बिरंची ने 1800 मीटर की दौड़ पूरी कर ली थी, लेकिन इसके बाद उसकी सांस फूलने लगी और तबीयत बिगड़ गई। प्रशासन की ओर से उसे तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अन्य अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी
इस घटना के अलावा दौड़ में शामिल छह अन्य अभ्यर्थियों की तबीयत भी बिगड़ी है। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इनमें निमिया घाट के संतोष कुमार, सरिया के राजकुमार सिंह, हजारीबाग के खुशनवाज आलम, पश्चिमी सिंहभूम के धर्मदास, कोडरमा के त्रिभुवन यादव और रामगढ़ के बबलू बेदिया शामिल हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही नगर थाना प्रभारी शैलेष प्रसाद अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से बातचीत की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती अभ्यर्थियों से भी मुलाकात की और उनकी स्थिति की जानकारी ली।
इसे भी पढ़ें