Police subdivision:
रांची। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के प्रस्ताव पर जमशेदपुर के मानगो को नया पुलिस अनुमंडल बनाने के लिए सोमवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति ने स्वीकृति प्रदान की।
मुख्य सचिव ने राज्य के डीजीपी को निर्देश दिया कि विधि व्यवस्था के कुशल संचालन के लिए सभी जिलों की जरूरतों का आकलन किया जाए।
उन्होंने कहा कि इससे जिलों के अपराध ग्राफ, उसके ट्रेंड और वर्तमान संसाधन तथा आगे की जरूरतों का समुचित डेटा मिलेगा। साथ ही, अपराधों की रोकथाम के लिए संसाधनों का बेहतर बंटवारा भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।
पूर्वी सिंहभूम में पहले से जमशेदपुर (मुख्यालय) और पटमदा पुलिस अनुमंडल मौजूद हैं। लेकिन, उत्क्रमित थाना, मानगो एवं आजादनगर तथा ओलीडीह ओपी के क्षेत्रफल, जनसंख्या और अपराधों की विविधता में लगातार वृद्धि देखी जा रही थी।
Police subdivision: मानगो में बढ़े आपराधिक मामलेः
गृह सचिव ने बताया कि मानगो में आर्थिक अपराध, नारकोटिक्स से जुड़े मामले और अन्य प्रकार के कांडों पर नकेल कसने के लिए इसे पुलिस अनुमंडल बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है। डीजीपी ने बताया कि नया पुलिस अनुमंडल जमशेदपुर और पटमदा से जुड़े उत्क्रमित थाना, मानगो एवं आजादनगर तथा ओलीडीह ओपी को काट कर अस्तित्व में आएगा।
पुलिस अनुमंडल निर्माण को लेकर वित्त सचिव और कार्मिक सचिव ने अपने-अपने विभाग से जुड़े मसलों को रखा और उच्चस्तरीय समिति से अनुमोदन प्राप्त किया। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग, ग्रामीण विकास विभाग और आईजी उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें
Businessman in Jamshedpur: जमशेदपुर में व्यापारी की आंखों में मिर्ची झोंक कर 30 लाख की लूट








