प्रदर्शन कर रहे पंचायत सचिवालय स्वयंसेवकों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज

2 Min Read

रांची : झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन बुधवार को विधानसभा से कुछ दूरी पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे विभिन्न संगठनों के प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। प्रदर्शनकारी पुलिस का घेरा तोड़कर विधानसभा का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे थे, जिसके बाद उन्हें रोकने के लिए वहां तैनात सुरक्षाबलों के जवानों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज किया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों की उग्रता रोकने के जवानों ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले और वॉटर कैनन भी छोड़े। पुलिस के लाठी चार्ज के दौरान कई प्रदर्शनकारी घायल भी हुए हैं। दरअसल पंचायत सचिवालय स्वंयसेवक संघ के सदस्य विधानसभा का घेराव करने के लिए पुलिस का घेरा तोड़कर आगे बढ रहे थे।

इस दौरान सुरक्षा बल के जवानों ने दूसरे बैरिकेडिंग के पास उन्हें रोकने की कोशिश की। लेकिन वे दूसरी ओर लगे बैरिकेडिंग को भी तोड़कर आगे बढ़ने लगे। जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सुरक्षबलों ने बल प्रयोग किया।

इस बीच सुरक्षा बल के जवानों और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और नोंक-झोंक भी हुई।  इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गौरतलब है कि पंचायत सचिवालय स्वंयसेवक संघ ने पूर्व में ही ऐलान किया था कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं होती है तो वे विधानसभा का घेराव करेंगे।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं