Chaibasa constable suicide: चाईबासा के हवलदार ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली, मौके पर मौत

2 Min Read

Chaibasa constable suicide

चाईबासा। झारखंड के चाईबासा निवासी और वर्तमान में बिहार के पूर्णिया जिले के अमौर थाना में पदस्थापित हवलदार आलमनाथ भूइयां (55) ने बुधवार सुबह अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली और गोली गले के आर-पार हो गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

हवलदार का शव खून से लथपथ फर्श पर पड़ा मिला

घटना का पता तब चला, जब पुलिस कैंटीन का एक कर्मचारी रोज की तरह नाश्ता लेकर उनके कमरे में पहुंचा। कमरे का दरवाजा खुला था और हवलदार का शव खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था। सूचना मिलते ही अमौर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार, बायसी एसडीपीओ जितेंद्र कुमार पांडे सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

घटनास्थल से सर्विस राइफल और एक खोखा बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से सर्विस राइफल और एक खोखा बरामद किया है। कमरे को सील कर फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या की संभावना को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

Share This Article