जहां कैप्टन के जूते मिले थे, वहां से 600 मीटर की दूरी पर मिला एयरक्राफ्ट
जमशेदपुर। जमशेदपुर के चांडिल डैम में डूबे ट्रेनी विमान को इंडियन नेवी के दल ने निकाल लिया है। सोमवार सुबह शुरू हुआ यह ऑपरेशन देर रात 12 बजे तक चला।
लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नौसेना ने अपने इस मिशन को पूरा किया। विमान को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
नौसेना ने सुबह 10 बजे विमान को बाहर लाने की प्रक्रिया शुरू की। बैलून को विमान के लोकेशन पर डाला गया। उसमें हवा भरी गई। इसके बाद रस्सी की मदद से विमान को बाहर लाया गया।
बैलून और क्रेन की मदद से निकाला गया
विमान को सतह पर लाने के बाद उसे नाव की मदद से किनारे लाया गया और फिर उसे क्रेन की मदद से निकाला गया। बताया जाता है कि जहां कैप्टन के जूते मिले थे, वहां से 600 मीटर की दूरी पर विमान मिला है।
सोनारी एयरपोर्ट ले जाया गया विमान
विमान को पानी से बाहर निकालने के बाद नौसेना ने भारत माता की जय के नारे लगाए। इसके बाद विमान के पुर्जों को अलग कर ट्रक में लोड कर सोनारी एयरपोर्ट ले जाया गया जहां जांच टीम विमान की जांच करेगी।
विमान चांडिल डैम से लगभग 6 किमी की दूरी पर मिला था। सोनार यंत्र की मदद से विमान के मलबे को ढूंढ निकालने में मदद मिली थी। जो जानकारी मिली थी उसके मुताबिक विमान पानी से 15 मीटर गहराई पर है।
सोनार से जो डाटा मिला है। उसके हिसाब से विमान पानी में उल्टा पड़ा थे। विमान के टायर ऊपर की ओर थे।
इसे भी पढ़ें