रांची। पहाड़ी मंदिर में नई कमेटी के गठन के बाद पुरानी कमेटी के लोग इसका विरोध कर रहै हैं। इसके खिलाफ झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। पहाड़ी मंदिर विकास समिति ने याचिका दायर कर झारखंड हिन्दू न्यास बोर्ड की कमेटी भंग करने के आदेश को रद्द करने की मांग की है।
याचिका में कहा गया है कि वर्ष 1993 से चल रही पहाड़ी मंदिर प्रबंध समिति को अचानक भंग किया जाना न्याय संगत नहीं है। जारी आदेश में कहा गया है कि बोर्ड की धारा 29 का उपयोग करते हुए प्रबंध समिति को भंग कर नए प्रबंध समिति का गठन किया गया है। यह आदेश गैर संवैधानिक है।
याचिका में यह भी कहा गया है कि कमेटी भंग करने के पहले नोटिस नहीं दी गई। बिना नोटिस दिये कमेटी भंग नहीं की जा सकती। राजनीतिक उद्देश्य से इसे भंग किया गया है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि कमेटी भंग कर एक ही राजनीतिक दल के लोगों को नियुक्त किया गया है। झारखंड के कई मंदिरों में जो मंदिर के सेवक हैं, उन्हें हटाकर परिवार वाले लोगों को बढ़ावा दिया गया है।






