Public foot overbridge
रांची। नामकुम क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से प्रतीक्षित रेलवे फुट ओवरब्रिज (FOB) के निर्माण की दिशा में अब ठोस पहल शुरू हो गई है। नामकुम रेलवे स्टेशन से आगे बिशप वेस्टकॉट स्कूल के सामने प्रस्तावित इस पब्लिक फुट ओवरब्रिज को लेकर रांची रेल मंडल ने अपना प्रस्ताव रेलवे मुख्यालय को भेज दिया है। फिलहाल यह प्रस्ताव रेलवे बोर्ड के स्तर पर विचाराधीन है।
एक महीने में मिल सकती है मंजूरी
रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने बताया कि इस परियोजना को एक महीने के भीतर स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। मंजूरी मिलते ही निर्माण प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि फुट ओवरब्रिज के निर्माण में अब किसी प्रकार की बाधा नहीं है और भूमि से जुड़ा विवाद भी सुलझा लिया गया है।
20 हजार लोगों को मिलेगी राहत
वर्तमान में नामकुम के स्थानीय निवासियों को बाजार और अन्य प्रमुख स्थानों तक पहुंचने के लिए करीब ढाई किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। स्टेशन के दूसरी ओर स्थित बिशप वेस्टकॉट स्कूल सहित कई शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले सैकड़ों छात्र रोजाना रेलवे ट्रैक पार कर स्कूल आते-जाते हैं। स्थानीय व्यापारी और सेना कैंप के जवान भी मजबूरी में रेलवे लाइन पार करते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। फुट ओवरब्रिज बनने के बाद करीब 20 हजार लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और दूरी घटकर लगभग 400 मीटर रह जाएगी।
भूमि की समस्या का समाधान
इस फुट ओवरब्रिज के निर्माण में करीब 80 प्रतिशत जमीन रेलवे की होगी, जबकि शेष 20 प्रतिशत भूमि बिशप वेस्टकॉट स्कूल की है। स्कूल प्रबंधन ने आवश्यक भूमि देने पर सहमति जता दी है। संजय सेठ ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने राज्य के खेल मंत्री और दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक से भी बातचीत की थी, जिसके बाद परियोजना को आगे बढ़ाया गया।
स्टेशन के अंदर भी बन रहा नया फुट ओवरब्रिज
रेलवे सूत्रों के अनुसार, नामकुम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म तक जाने के लिए एक अलग फुट ओवरब्रिज का निर्माण भी लगभग पूरा हो चुका है। करीब 90 प्रतिशत काम समाप्त हो गया है और जल्द ही यात्रियों के लिए इसे खोल दिया जाएगा।








