Musical fountain in Patratu Dam
रामगढ। रामगढ़ जिले की पहचान पतरातू डैम और पतरातू घाटी अब पर्यटन के एक नए दौर में प्रवेश करने जा रहे हैं। प्राकृतिक खूबसूरती के लिए प्रसिद्ध यह इलाका अब आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के साथ पर्यटकों को आकर्षित करेगा। पतरातू डैम परिसर में लगाया गया म्यूजिकल फाउंटेन पूरी तरह तैयार हो चुका है, जिसका मंगलवार देर शाम सफल ट्रायल किया गया।
ट्रायल के दौरान पानी की ऊंची फुहारें, रंगीन लाइटिंग और मधुर संगीत की ताल नजर आईं। रोशनी और संगीत के इस अद्भुद दृश्य ने मौके पर मौजूद लोगों को खासा रोमांचित किया।
दिन में प्रकृति, रात में नाइट टूरिज्म का अनुभव
दिन के समय पतरातू घाटी में आने वाले पर्यटक पहाड़ों, जंगलों और झील के शांत जल के साथ-साथ प्रवासी साइबेरियन पक्षियों की चहचहाहट का आनंद ले सकेंगे। वहीं शाम ढलते ही म्यूजिकल फाउंटेन, रंगीन रोशनी और संगीत का संगम पतरातू डैम को एक आकर्षक नाइट टूरिज्म डेस्टिनेशन में बदल देगा।
परियोजना को और प्रभावशाली बनाने के लिए अत्याधुनिक लेजर शो की व्यवस्था भी की जा रही है। इसमें पानी की धाराओं पर रंग-बिरंगे दृश्य, ग्राफिक्स और थीम आधारित प्रस्तुतियां दिखाई जाएंगी, जो पर्यटकों के लिए नया अनुभव होंगी।
जल्द होगा उद्घाटन
बता दें पर्यटन विभाग और स्थानीय प्रशासन के अनुसार, म्यूजिकल फाउंटेन का औपचारिक उद्घाटन इसी महीने के अंत तक किए जाने की संभावना है। अधिकारियों का मानना है कि इस नई सुविधा से पतरातू आने वाले पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।
स्थानीय लोगों को भी मिलेगा फायदा
इस परियोजना से न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि होटल, गाइड, परिवहन और अन्य सेवाओं के माध्यम से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। पतरातू डैम अब प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ आधुनिक मनोरंजन का केंद्र बनकर रामगढ़ के पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है।








