एडमिशन के समय मिलेगी साइकिल
रांची। अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने एसटी-एससी छात्रों को नये साल का तोहफा दिया है। उन्होंने ऐलान किया है कि एसटी-एससी छात्रों को रांची और दिल्ली में मुफ्त कोचिंग मिलेगी। उन्होंने कल्याण कॉम्प्लेक्स में आदिवासी कल्याण आयुक्त अजय नाथ झा के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की।
इसमें विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं के कार्य प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान मंत्री ने आनेवाले समय के लिए एक बेहतर कार्य योजना तैयार करने का निर्देश आदिवासी कल्याण आयुक्त को दिया।
मंत्री चमरा लिंडा ने कहा कि आदिवासियों, दलितो और पिछड़ों के कल्याण के लिए पूर्ण समर्पण के साथ टीम वर्क में काम करते हुए हम उस लक्ष्य को हासिल करें, जो हमें सुकून दे सके।
योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ पात्र लाभुक तक पहुंचाएः
मंत्री चमरा लिंडा ने विभाग द्वारा चलाए जा रहे कई महत्वकांक्षी योजनाओं की समीक्षा करते हुए आदिवासी कल्याण आयुक्त अजय नाथ झा को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। मंत्री ने कहा कि एसटी, एससी के कल्याणार्थ राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की स्थिति का गंभीरता पूर्वक आकलन कर सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लाभुकों को मिले, इस निमित्त प्रतिबद्धता के साथ कार्य किए जाएं।
कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के कुशल नेतृत्व में हमारी सरकार राज्य में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के सर्वांगीण विकास हेतु कटिबद्ध है।
गुमला कल्याण पदाधिकारी को शो-कॉजः
मंत्री ने विगत दिनों गुमला जिला के विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर जिला कल्याण कार्यालय द्वारा निष्पादित निविदा के तय मानकों के अनुरूप राशन एवं बैग-जूता आदि की आपूर्ति को गुणवत्ता के अनुरूप नहीं पाये जाने पर दोषी संवेदकों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए भुगतान पर रोक और संवेदक को काली सूची में डालने का निदेश गुमला जिला प्रशासन को दिया है।
साथ ही विभागीय मंत्री ने बताया कि गुमला जिला के कई विद्यालयों में भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुरूप नहीं था, दूध और फल की आपूर्ति नहीं हो रही है। आदिवासी कल्याण आयुक्त ने तत्काल जिला कल्याण पदाधिकारी को जांच करने और स्पष्टीकरण तीन दिनों के भीतर समर्पित करने का निदेश दिया।
इसे भी पढ़ें
कुडू उप प्रमुख ऐनुल अंसारी ने मंत्री बनने पर चमरा लिंडा को दी बधाई









