रांची। युवा आजसू ने मोरहाबादी के आसपास की शराब दुकानों को बंद कराने की मांग की है।
इसे लेकर संगठन की ओर से डीसी के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन के जरिए मोरहाबादी मैदान के पास संचालित हो रहे बार एवं शराब दुकानों को बंद कराने की मांग की गई है।
साथ ही धार्मिक स्थलों एवं शैक्षणिक संस्थानों के समीप संचालित हो रहे बार एवं शराब दुकानों को स्थानांतरित करने की मांग की गई है।
युवा मोर्चा के राज्य संयोजक गौतम सिंह के नेतृत्व में युवा आजसू के प्रतिनिधि मंडल ने शराब दुकानों और बार के चलते मोरहाबादी के समीप हुई कई अप्रिय घटनाओं के साथ ही आमजनों और वीवीआईपी आवासीय परिसर में रहने वाले विशिष्ट जनों को होने वाली समस्या की ओर ध्यान आकृष्ट कराया।
युवा आजसू ने मोरहाबादी मैदान के समीप स्थित शराब दुकानों के कारण असामाजिक तत्वों के बढ़ते जमावड़े से इस क्षेत्र को लोगों की परेशानी से अवगत कराया है।
कहा है कि इनके कारण इवनिंग वाक करने वालों और खास कर महिलाओं को काफी परेशानी हो रही है।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश संयोजक गौतम सिंह, रांची जिला सह प्रभारी नीरज वर्मा, नीतीश सिंह, वेदांत कौस्तव, राहुल तिवारी, अभिषेक झा, अंशुतोष कुमार, सुमित प्रसाद आदि शामिल थे।
इसे भी पढ़ें
जदयू झारखंड में एनडीए प्रत्याशियों की जीत के लिए चलाएगा अभियान, प्रदेश कमेटी की बैठक में हुआ निर्णय
