Doda road accident soldiers: डोडा सड़क हादसे में शहीद जवानों के पार्थिव शरीर रांची पहुंचे, एयरपोर्ट पर दी गई अंतिम सलामी

3 Min Read

Doda road accident soldiers

रांची। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शहीद हुए सेना के जवानों के पार्थिव शरीर बीती देर रात रांची लाए गए। जैसे ही शहीदों के शव बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे, माहौल गमगीन हो गया। एयरपोर्ट परिसर में मौजूद सेना के जवानों, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नम आंखों से शहीदों को अंतिम सलामी दी।

इस दौरान राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर भी एयरपोर्ट पहुंचे और शहीद जवानों के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। राज्य सरकार शहीदों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। मौके पर सेना के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौजूद रहे।

कैसे हुआ हादसा

गौरतलब है कि 22 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया था। इस भीषण हादसे में 10 जवान शहीद हो गए थे, जबकि 11 जवान गंभीर रूप से घायल हुए थे। सभी जवान ऑपरेशनल ड्यूटी पर जा रहे थे।

शहीदों में रांची का लाल भी शामिल

इस हादसे में शहीद जवानों में रांची के तिरिल निवासी अजय लकड़ा और पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र के पुंडा गांव निवासी 24 वर्षीय प्रद्युम्न लोहारा भी शामिल हैं। खराब मौसम के कारण विमान परिचालन में देरी हुई, जिसके चलते पार्थिव शरीर देर रात रांची पहुंच सके।

आज होगा अंतिम संस्कार

प्रशासन के अनुसार, शनिवार सुबह शहीद प्रद्युम्न लोहारा के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव झालदा (पुरुलिया) ले जाया जाएगा। वहीं, शहीद अजय लकड़ा का अंतिम संस्कार रांची में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। शहीदों के सम्मान में रांची एयरपोर्ट परिसर कुछ देर के लिए “भारत माता की जय” और “शहीद अमर रहें” के नारों से गूंज उठा। पूरा राज्य अपने वीर जवानों के बलिदान पर गर्व और शोक के साथ एकजुट नजर आया।

Share This Article
Exit mobile version