Municipal Elections 2026
लोहरदगा। नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर लोहरदगा जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। उपायुक्त (DC) डॉ. ताराचंद की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में सभी कोषांगों के वरीय एवं नोडल पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आदर्श आचार संहिता के सख्ती से पालन और सौंपे गए दायित्वों के समयबद्ध निर्वहन पर विशेष जोर दिया गया।
पोलिंग पार्टियों की तैयारी पर फोकस
उपायुक्त ने निर्वाचन, कार्मिक, मतपत्र एवं मतपेटिका, सामग्री, परिवहन, विधि व्यवस्था-सह-आचार संहिता, हेल्पलाइन व जनशिकायत, प्रेक्षक, मीडिया, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण, सूचना तकनीकी और नियंत्रण कक्ष कोषांगों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पोलिंग पार्टियां मतदान से एक दिन पूर्व समाहरणालय परिसर में बनाए जा रहे डिस्पैच सेंटर से रवाना होंगी। पोलिंग पार्टियों का समय पर मिलान सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे निर्धारित समय पर अपने-अपने बूथों तक पहुंच सकें।
बूथों पर मूलभूत सुविधाओं की जांच
डीसी ने सभी मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी, शौचालय, दरवाजे और खिड़कियों समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रशिक्षण कोषांग को समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा कराने और कार्मिक कोषांग को मतदान व मतगणना कार्य के लिए आवश्यक पदाधिकारियों और कर्मियों की सूची तैयार करने को कहा गया।
निगरानी और जागरूकता पर जोर
स्टैटिक सर्विलांस टीम को सतर्कता के साथ जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही स्वीप (SVEEP) गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित कर अधिक से अधिक मतदाताओं को जागरूक करने पर बल दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, सामान्य प्रेक्षक मो. मुस्तकीम अंसारी, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग समेत सभी कोषांगों के वरीय एवं नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी की जाएंगी।








