Sand mafia in Lohardaga: लोहरदगा में बालू माफियाओं का तांडव, अवैध बालू उठाव रोकने पहुंचे सीओ पर हमला

2 Min Read

Sand mafia in Lohardaga

लोहरदगा। जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे अंचल अधिकारी पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। इस घटना में अंचल अधिकारी की सरकारी गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। मामले को लेकर सेन्हा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार

जानकारी के अनुसार यह घटना मुरकी–सेन्हा पथ पर नूरी सराय पुल के पास हुई। अंचल अधिकारी पंकज कुमार भगत को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध रूप से बालू का उठाव किया जा रहा है। सूचना के आधार पर जब वे मौके पर पहुंचे तो वहां मौजूद बालू माफियाओं ने उन पर हमला कर दिया।

आवेदन के अनुसार

अंचल अधिकारी द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, सेन्हा नूरी सराय निवासी जैनुल अंसारी के पुत्र दानिश अंसारी, उसकी पत्नी नुसरत जहां और बेटे राशिद अंसारी सहित करीब 10 अज्ञात महिला-पुरुषों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी, डंडा और बेलचा से हमला किया। इस दौरान ईंट-पत्थर से सरकारी वाहन के शीशे तोड़ दिए गए।

बालू उतारकर वाहन को लेकर फरार होने की कोशिश

आरोप यह भी है कि हमलावरों ने पकड़े गए ट्रैक्टर से बालू उतारकर वाहन को लेकर फरार होने की कोशिश की। अंचल अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने उन्हें रोककर मारपीट करने की कोशिश की और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। अंचल अधिकारी पंकज कुमार भगत के आवेदन पर सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा ने कांड संख्या 26/26 के तहत सरकारी कार्य में बाधा डालने, हमला करने और धमकी देने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस इंस्पेक्टर सुधीर साहू ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Share This Article
Exit mobile version