रांची में 24 घंटे में हल्की बारिश, आज भारी बारिश की चेतावनी [Light rain in Ranchi in 24 hours, warning of heavy rain today]

3 Min Read

रांची, एजेंसियां। बीते 24 घंटों में झारखंड की राजधानी रांची में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद दिनभर आसमान में बादल छाए रहे।

बारिश के चलते अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आई और मौसम काफी सुहावना बना रहा।

हालांकि, शुक्रवार को मौसम के मिजाज बदलने की पूरी संभावना है। रांची मौसम केंद्र के अनुसार, आज शहर में भारी बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने डीप साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर रांची में आज प्रमुखता से देखने को मिलेगा।

यह स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रह सकती है। बारिश के साथ वज्रपात की भी आशंका है, ऐसे में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। तेज बारिश के दौरान वाहन न चलाने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की हिदायत भी दी गई है।

भारी बारिश की संभावना, ब्लू अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने आज शहर में 75 से 100 मिमी तक बारिश होने की संभावना जताई है और इसे लेकर ब्लू अलर्ट जारी किया गया है।

बारिश के साथ बादल छाए रहने से तापमान में भी हल्की गिरावट आ सकती है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर कम हो जाएगा।

इस बार सामान्य से 19% अधिक बारिश

अब तक रांची में इस वर्ष कुल 1202.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 19% अधिक है।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची में कई वर्षों के बाद इतनी अच्छी बारिश देखी गई है, जिससे न केवल कृषि क्षेत्र को फायदा होगा, बल्कि भूमिगत जल स्तर भी रिचार्ज होगा।

इससे आने वाले गर्मियों में पानी की समस्या में भी कमी आने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में बारिश और मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखें और मौसम विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

इसे भी पढ़ें

बिहार, मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं