लातेहार बस हादसा में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हुई, करीब 40 गंभीर रूप से घायल

3 Min Read

Latehar bus accident

लातेहार। लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र स्थित ओरसा घाटी में हुए भीषण बस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। हादसे की पुष्टि एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने की। मृतकों में चार महिलाएं और छह पुरुष शामिल हैं। एसडीएम के अनुसार, पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पांच अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल करीब 40 लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है, जबकि 35 से अधिक घायलों का इलाज महुआडांड़ में चल रहा है।

वैवाहिक कार्यक्रम में जा रही थी बस

बता दें दुर्घटना का शिकार सभी यात्री छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के निवासी थे। ये लोग एक रिजर्व बस से बलरामपुर से महुआडांड़ के लोध गांव में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान ओरसा घाटी में बस का ब्रेक फेल हो गया और वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में सीतापति देवी, प्रेमा देवी, सोनामती देवी, रेशन्ति चेरवा, सुखना भुइयां, विजय नगेसिया, लीलावती सोनवानी, रमेश मनिका, फगुआ राम और परशुराम सोनवानी शामिल हैं।

सड़क निर्माण में खामी का आरोप

घटना के बाद बलरामपुर जिले के कई जनप्रतिनिधि महुआडांड़ पहुंचे। सरपंच संघ के अध्यक्ष संतोष इंजीनियर ने दुर्घटनास्थल की सड़क के निर्माण में गंभीर तकनीकी खामियों का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सड़क की ढलान 15 डिग्री से अधिक नहीं होनी चाहिए, जबकि यहां करीब 30 डिग्री की ढलान है, जिससे ब्रेक फेल होने की आशंका बढ़ गई।

क्षमता से अधिक सवारियां

बताया जा रहा है कि बस की बैठने की क्षमता 45 यात्रियों की थी, लेकिन उसमें 90 से अधिक लोग सवार थे। ग्रामीणों ने प्रशासन से ओवरलोडिंग पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।

तुरंत राहत-बचाव से बचीं कई जानें

एसडीएम विपिन कुमार दुबे की तत्परता से हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कराया गया। लातेहार, गुमला और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों से 25 से अधिक एंबुलेंस और चिकित्सा टीमों को मौके पर बुलाया गया। समय पर इलाज मिलने से कई घायलों की जान बचाई जा सकी।

Share This Article