Land Scam : जमीन कारोबारी को तलाश रही ED [ED is searching land businessman]

3 Min Read

रांची। ED जमीन कारोबारी कमलेश को तलाश रही है। शेखर कुशवाहा से मिले इनपुट के आधार पर ED ने जमीन कारोबारी कमलेश के ठिकानों पर शुक्रवार को दबिश दी।

ED ने उसके कांके रोड स्थित फ्लैट पर छापेमारी की, पर वह पहले ही निकल चुका था। इससे पहले ED ने कमलेश कुमार को समन जारी किया था, लेकिन वह पूछताछ के लिए ED ऑफिस नहीं पहुंचा।

पहले पत्रकार था, फिर आया जमीन के धंधे में

करीब 8 साल पहले कमलेश पत्रकारिता के पेशे से जुड़ा था। वह रांची के ही एक स्थानीय अखबार में काम करता था। साल 2016 में उसकी रांची के कुछ पुलिस अफसरों और प्रभावशाली लोगों से जान-पहचान हुई।

इसके बाद उसने कांके में जमीन की खरीद-बिक्री शुरू की। देखते ही देखते कमलेश महंगी गाड़ियों से घूमने लगा। जमीन के इस धंधे से अकूत संपत्ति बनाई। अब वह कंस्ट्रक्शन और रिजॉर्ट के धंधे में भी उतर गया है।

विवादों से रहा है नाता

करीब 5 साल पहले कमलेश उस समय चर्चा में आया, जब कांके अंचल के रिंग रोड के पास चामा मौजा में स्थित हल्का 3, खाता संख्या 87 के प्लाट संख्या 1232 पर बनी पुलिस हाउसिंग कॉलोनी का मामला सामने आया।

उस जमीन में 50.90 डिसमिल काप्लॉट तत्कालीन डीजीपी डीके पांडे ने अपनी पत्नी पूनम पांडे के नाम पर ली।

इसके अलावा 17 अन्य प्रभावशाली व्यक्तियों ने अपने परिजनों के नाम पर जमीन खरीदी। गैर मजरूआ सरकारी जमीन होने के बाद भी उसकी रजिस्ट्री और म्यूटेशन होने पर बवाल हुआ।

तब कांके थाना में 27 नवंबर 2020 को तत्कालीन राजस्व उप निरीक्षक रंजीत कुमार ने कमलेश के खिलाफ केस दर्ज कराया था।

कमलेश पर कई रसूखदारों का हाथ होने की बात कही जाती है, जो उके धंधे में मदद कर रहे थे।

नगड़ी मौजा में स्थित नेशनल यूनिवर्सिटी के पीछे से गुजरने वाली जुमार नदी और बिरसा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी की जमीन पर जब उसने कंस्ट्र्क्शन शुरू किया तो भी काफी विवाद हुआ था।

नदी और बीएयू की अधिग्रहित करीब 21 एकड़ जमीन के कब्जे का आरोप उस पर लगा। ED की टीम ने कमलेश के कांके रोड स्थित एस्टर ग्रीन अपार्टमेंट के फ्लैट और कोकर के चेशायर होम रोड स्थित आवास पर छापेमारी की।

यह छापेमारी लगभग 10 घंटे चली। इस दौरान ED को फ्लैट से एक करोड़ रुपए कैश और 100 गोलियां मिलीं। इसे जब्त कर लिया गया है।

जांच एजेंसी की टीम सुबह करीब 11 बजे पहुंची थी और रात करीब 10 बजे निकली। उसके प्लैट से मिले कागजात की जांच की जा रही है। जब्त गोलियों को कांके थाना में जमा करा दिया गया है।

इसे भी पढ़ें

जमीन कारोबारी के यहां ED का छापा

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं