Kanhaiya Kumar: ओरमांझी से 61 दिनों से लापता कन्हैया को रांची पुलिस ने कोडरमा से किया रेस्क्यू

2 Min Read

Kanhaiya Kumar

रांची। ओरमांझी से पिछले 61 दिनों से लापता 12 वर्षीय कन्हैया कुमार को रांची पुलिस ने कोडरमा से सकुशल बरामद कर लिया है। कन्हैया 22 नवंबर 2025 की शाम उस समय लापता हो गया था, जब वह अपनी मां की फुचका दुकान से थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

कन्हैया को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया

मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन स्वयं पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे थे। कन्हैया की तलाश के लिए गठित एसआईटी टीम सात राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही थी। पुलिस को जैसे ही गुप्त सूचना मिली कि बच्चे को कोडरमा में छिपाकर रखा गया है, रांची पुलिस ने कोडरमा पुलिस के सहयोग से तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

परिवार वाले सदमे में

कन्हैया के लापता होने से उसका परिवार गहरे सदमे में था। वह तीसरी कक्षा का छात्र है और पढ़ाई के साथ-साथ अपनी मां की दुकान में हाथ बंटाकर परिवार की मदद करता था। उसके पिता शारीरिक रूप से अक्षम हैं, जबकि बड़े भाई की एक किडनी खराब है। ऐसे में कन्हैया की सुरक्षित वापसी से परिवार ने राहत की सांस ली है।

अंतरराज्यीय बच्चा चोर गिरोह का पर्दाफाश

इस रेस्क्यू अभियान के दौरान रांची पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय बच्चा चोर गिरोह का भी पर्दाफाश किया है। यह संगठित गिरोह मासूम बच्चों का अपहरण कर उन्हें भीख मंगवाने, मानव तस्करी और देह व्यापार जैसे जघन्य अपराधों में धकेल देता था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

15 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस खतरनाक नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कई महिलाएं भी शामिल हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि इससे जुड़े और भी अहम खुलासे सामने आ सकते हैं।

Share This Article