Kadiya Munda:
रांची। लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता कड़िया मुंडा की तबीयत और बिगड़ गई है। बताया जा रहा है कि बढ़ी ठंड के कारण उनकी हालत और बिगड़ी है। फिलहाल ऑर्किड अस्पताल के आइसीयू में उन्हें रखा गया है। बता दें कि श्री मुंडा को गुरुवार सुबह अचानक सांस लेने में कठिनाई हुई, जिसके बाद उन्हें खूंटी से रांची स्थित आर्किड अस्पताल लाया गया। ठंड में आई तेजी के कारण उनकी स्थिति देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत उन्हें आइसीयू में शिफ्ट कर दिया। इलाज कर रहे डॉ. निशिथ के अनुसार, उनकी हालत इस समय स्थिर है और वे सामान्य बातचीत भी कर पा रहे हैं।
पहले निमोनिया के लक्षण मिले थेः
कुछ समय पहले भी इसी प्रकार की दिक्कत सामने आई थी, जिसमें जांच के दौरान निमोनिया के लक्षण मिले थे। मौजूदा मौसम और उनकी मेडिकल हिस्ट्री को ध्यान में रखते हुए मेडिकल टीम उन्हें विशेष निगरानी में रखे हुए है।
ठंड बढ़ते ही सांस लेने में परेशानी शुरू हुईः
कड़िया मुंडा के पुत्र अमर मुंडा ने बताया कि सुबह ठंड बढ़ने के साथ ही उनके पिता को सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद परिवार ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने यह भी कहा कि वे बिना किसी प्रोटोकॉल या सुरक्षा व्यवस्था के साधारण वाहन से अस्पताल आए, ताकि समय बर्बाद न हो।
दिल्ली में बीजेपी सक्रियः
अमर मुंडा ने बताया कि इलाज के बाद उनकी स्थिति में लगातार सुधार दिख रहा है। दूसरी ओर, कड़िया मुंडा के स्वास्थ्य खराब होने की खबर मिलते ही दिल्ली में पार्टी नेतृत्व भी सक्रिय हो गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सीधे फोन कर कड़िया मुंडा से बातचीत की और उनका हाल जाना। नड्डा ने उनके जल्द स्वस्थ होने की शुभकामनाएं भी दीं। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा समेत विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने परिवार से संपर्क कर जानकारी ली। अस्पताल में भर्ती होने की सूचना फैलते ही समर्थकों और परिचितों द्वारा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामनाएं की जा रही हैं।







