Congress rally
चाईबासा। झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा है कि 14 दिसंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की रैली देश में लोकतांत्रिक बदलाव की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगी। उन्होंने दावा किया कि यह रैली न केवल जनता की आवाज को मजबूती देगी, बल्कि चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी के बीच कथित मिलीभगत को भी उजागर करेगी।
केशव महतो कमलेश ने लगाया आरोप
केशव महतो कमलेश ने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में सरकारी मशीनरी का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है, जिससे चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ और संवैधानिक संस्थाओं पर बढ़ते दबाव के बावजूद चुनाव आयोग अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखा रहा है, जो देश के लोकतांत्रिक ढांचे के लिए चिंता का विषय है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य आम जनता को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी, मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस देशव्यापी आंदोलन की शुरुआत कर रही है। यह रैली उस संघर्ष का अहम पड़ाव होगी, जिसमें लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
केशव महतो कमलेश पार्टी के कई वरिष्ठ नेता हुए रवाना
शुक्रवार सुबह केशव महतो कमलेश पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची से दिल्ली के लिए रवाना हुए। उनके साथ सौरभ अग्रवाल, कुमार राजा, त्रिशानु राय, लाल किशोर नाथ शहदेव, आलोक दुबे, राज बागची, आफताब आलम, डॉ. राजेश गुप्ता, हारुन अंसारी, संजय कुमार, ईश्वर आनंद और रबिन्द्र झा प्रमुख रूप से शामिल थे।
दिल्ली रवाना होने से पहले नेताओं ने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं और देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि यह रैली लोकतंत्र की मजबूती और जनता की भागीदारी को नई दिशा देगी।

