जामताड़ा में भाजपा की सीता का होगा कांग्रेस के इरफान से सामना [BJP’s Sita will face Congress’s Irfan in Jamtara]

2 Min Read

जामताड़ा । भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची शनिवार देर रात जारी कर दी। भाजपा ने जामताड़ा के चुनावी रण में सीता सोरेन को उतारा है। चुनाव में सीता सोरेन का सीधा मुकाबला कांग्रेस के इरफान अंसारी से होगा।

सीता सोरेन हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा की टिकट पर दुमका संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ी थीं, जहां उन्हें झामुमो के नलिन सोरेन के हाथों मात मिली थी। इस बार भाजपा ने सीता सोरेन को जामताड़ा को भेदने के लक्ष्य से मैदान में उतारा है।

सीता सोरेन दुमका जिले के जामा विधानसभा सीट से तीन बार की विधायक है। भारतीय जनता पार्टी में आने के बाद ये उनका दूसरा चुनाव होगा और पार्टी ने उन्हें जामड़ा की कमान दी है। बता दें कि लोकसभा चुनाव से ठीक पहले सीता सोरेन जेएमएम से बागी होकर भाजपा में शामिल हो गई थी।

इरफान से जीत आसान नहीं

2024 के लोकसभा चुनाव में जेएमएम के दिग्गज नेता नलिन सोरेन ने उन्हें मात दी थी, इस बार उनका मुकाबला झारखंड सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री और जामताड़ा से दो बार के विधायक इरफान अंसारी से होगी।

इरफान अंसारी पहली बार 2014 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े और चुनाव में 35 प्रतिशत वोट लाकर विजयी हुए। इसके बाद 2019 के चुनाव में इरफान अंसारी ने लंबी छलांग लगाई और चुनाव में 53 प्रतिशत वोट लाकर दूसरी बार विधायक बने।

ये देखना दिलचस्प होगा की मुस्लिम और आदिवासी बहुल जामताड़ा में सीता सोरेन जीत के लिए क्या रणनीति अपनाती हैं। बता दें कि जामताड़ा में मुस्लिम वोटरों की संख्या की 30 प्रतिशत से अधिक है वहीं एसटी वोटरों की संख्या लगभग 27 प्रतिशत है। भाजपा के खाते में जामताड़ा सीट आखिरी बार 2005 के चुनाव में आई थी।

इसे भी पढ़ें

हेमंत सोरेन के साथ अन्याय के लिए भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देगी झारखंड की जनता : तेजस्वी

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं