बाबूलाल बोले-गुदड़ी में हालात बेहद खराब, कानून व्यवस्था ध्वस्त [Babulal said – the situation in Gudri is very bad, law and order has collapsed]

3 Min Read

रांची। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी इलाके में हालात बेहद तनावपूर्ण और भयावह हो गए हैं।

अफीम और गांजा की खेती तथा बालू खनन जैसे अवैध कार्यों को लेकर PLFI (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) और माओवादी गुटों के बीच संघर्ष जारी है। क्षेत्र में तनाव इतना बढ़ चुका है

कि अब तक लगभग 22 लोगों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है एवं 10 से अधिक लोगों की हत्या की जा चुकी है। हाल ही में, एक ओडिशा निवासी की हत्या की घटना ने स्थिति को और भयावह बना दिया है।

ग्रामीणों ने बाहरी के आगमन पर लगा दी है रोकः

बाबूलाल मरांडी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि इस नृशंस हत्या का वीडियो इतना भयावह है कि वो सोशल मीडिया पर साझा नहीं किया जा सकता, इसलिए मैं सिर्फ स्क्रीनशॉट साझा कर रहा हूं।

यदि प्रशासन चाहे तो रूह कंपा देने वाला वीडियो मुझसे प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने कथित तौर पर यह घोषणा की है कि इलाके में किसी भी बाहरी व्यक्ति को फोन या वाहन के साथ देखा गया

तो उसे मार दिया जाएगा। इस प्रकार की स्थिति न केवल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती दे रही है, बल्कि स्थानीय समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल भी पैदा कर रही है।

सरकार और प्रशासन तत्काल करे हस्तक्षेपः

इस परिस्थिति में, यह बेहद आवश्यक है कि सरकार और प्रशासन इस क्षेत्र में तत्काल हस्तक्षेप करें। पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने, गुमशुदा व्यक्तियों की खोज करने, क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

साथ ही, स्थानीय समुदाय को भी जागरूक किया जाए कि हिंसा और आक्रामकता से समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता। संवाद एवं सहमति के जरिए ही इस संघर्ष को हल किया जा सकता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड पुलिस से संवेदनशील विषय पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही शांति व्यवस्था स्थापित करने का यथासंभव प्रयास करने एवं दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।

इसे भी पढ़े

JLKM या मंईयां सम्मान योजना ? हार के कारण खंगालने में जुटी बीजेपी 

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं