AJSU MLA Tiwari Mahato: बकाया छात्रवृत्ति भुगतान को लेकर विधानसभा के सामने धरने पर बैठे आजसू विधायक तिवारी महतो

2 Min Read

AJSU MLA Tiwari Mahato

रांची। झारखंड विधानसभा के समक्ष शुक्रवार को आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव और मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो ने बकाया पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति भुगतान की मांग को लेकर धरना दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के हजारों आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग के छात्रों को पिछले दो वर्षों से छात्रवृत्ति नहीं मिली है, जिसके कारण उनकी शिक्षा और जीवन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

छात्र लगातार आंदोलनरत, राज्यपाल को सौंपा गया ज्ञापन

विधायक महतो ने बताया कि आजसू छात्र संघ इस मुद्दे पर लंबी अवधि से आंदोलन कर रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर छात्रों की आर्थिक कठिनाइयों और जल्द भुगतान की आवश्यकता से अवगत कराया गया है।उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के छात्र जो खेती-किसानी और मजदूरी पर निर्भर घरों से आते हैं। शिक्षा का खर्च चलाने के लिए पार्ट-टाइम जॉब करने के लिए मजबूर हैं। इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई छात्र शिक्षा बीच में छोड़ने पर मजबूर हो सकते हैं।

राज्य सरकार पर गंभीर आरोप

विधायक ने हेमंत सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मइयां योजना की राशि जुटाने में सरकार को मुश्किलें आ रही हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि राज्य सरकार आर्थिक संकट से जूझ रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य का खजाना खाली हो चुका है, और वित्तीय कुप्रबंधन का सीधा असर छात्रों के भविष्य पर पड़ रहा है।

सरकार से तत्काल भुगतान की मांग

महतो ने कहा कि छात्रवृत्ति गरीब और वंचित वर्ग के छात्रों के लिए जीवनरेखा है। सरकार को चाहिए कि वह बिना देर किए बकाया राशि का भुगतान करे, ताकि छात्रों की शिक्षा बाधित न हो।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द कदम नहीं उठाती है तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Share This Article