सहायक आचार्य के रिजल्ट को लेकर सुप्रीम कोर्ट जायेगी झारखंड सरकार [Jharkhand government will go to Supreme Court regarding the result of Assistant Professor]

2 Min Read

रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सहायक आचार्य नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा सहित अन्य पदों के लिए चल रही नियुक्ति प्रक्रियाओं को लेकर मुख्य सचिव एल खियांग्ते, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार और स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह के साथ उच्च स्तरीय बैठक की।

बैठक में उन्होंने सहायक आचार्य के 26 हज़ार पदों के लिए चल रही नियुक्ति प्रक्रिया से संबंधित पूरी जानकारी जेएसएससी के अध्यक्ष और शिक्षा सचिव से प्राप्त की।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव ने मुख्यमंत्री को बताया कि सर्वोच्च न्यायालय ने सहायक आचार्य के रिजल्ट प्रकाशन पर सिर्फ रोक लगाई है।

परीक्षा के आयोजन पर किसी भी प्रकार की कोई रोक नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि सहायक आचार्य के रिजल्ट प्रकाशन पर लगी रोक के विरुद्ध सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर की जाएगी।

शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर चुका है जेएसएससी

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने कहा कि विभिन्न पदों के लिए आयोजित होने वाली सभी प्रतियोगिता परीक्षाएं अपने पूर्व -निर्धारित तिथियों के अनुसार होगी। ऐसे में विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं के अभ्यर्थियों के बीच किसी प्रकार का संशय नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आयोग पूर्व में ही विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं के आयोजन की तिथियां घोषित कर चुका है।

पूर्व निर्धारित तारीखों के अनुरूप विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं के आयोजन से संबंधित तैयारियां पूरी की जा रही है।

इसे भी पढ़ें

सहायक आचार्य परीक्षा: हाईकोर्ट का आदेश– 41 अभ्यर्थियों की अलग से लें परीक्षा 

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं