झारखंड सरकार जुटी विधानसभा चुनाव की तैयारी में

2 Min Read

रांची। झारखंड सरकार विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है।

मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के निर्देश पर मुख्य सचिव एल खियांग्ते ने 31 मई को विभागीय सचिवों की उच्चस्तरीय बैठक की।

दिन के 11 बजे से प्रोजेक्ट भवन में हुई इस बैठक में विभागीय कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की गई।

अगले छह माह की कार्य योजना को अंतिम रूप दिया गया। फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा की गई।

बता दें कि अक्टूबर-नवंबर में झारखंड विधानसभा का आम चुनाव है। इस लिहाज से राज्य सरकार ने लोकसभा चुनाव समाप्त होने से पहले ही विधानसभा चुनाव को ध्यान में रख कर अपनी तैयारी शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक विभागीय सचिवों को फ्लैगशिप योजनाओं की हुई प्रगति और अगले छह महीने में उन योजनाओं को पूरा करने की दिशा में कार्य योजना को अंतिम रूप देने को कहा गया है।

इनमें सर्वजन पेंशन योजना, अबुआ आवास योजना, 125 यूनिट मुफ्त बिजली, छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना, किसानों की ऋण माफी व अन्य योजनाओं पर विशेष फोकस किया जाएगा।

आम जनता से सीधे जुड़े इन योजनाओं को धरातल पर उतार कर अगले विधानसभा चुनाव में उसका लाभ लेना राज्य सरकार ने अपना पहला लक्ष्य निर्धारित किया है।

इसे भी पढ़ें

जेसीईसीईबी : बीटेक में नामांकन के लिए 24 तक आवेदन

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं