Jharkhand Foundation Day: झारखंड स्थापना दिवस की शुरुआत ‘रन फॉर झारखंड’ से, रांची में दिखा उत्साह

2 Min Read
Jharkhand Foundation Day: रांची। झारखंड राज्य स्थापना के 25वें गौरवशाली वर्ष के उपलक्ष्य में मंगलवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी

Jharkhand Foundation Day:

रांची। झारखंड राज्य स्थापना के 25वें गौरवशाली वर्ष के उपलक्ष्य में मंगलवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से “रन फॉर झारखंड” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उनकी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

रजत जयंती समारोह और बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती की शुरुआत:

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर राज्यवासियों को झारखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “मैं उन सभी महान आत्माओं को नमन करता हूं जिनके संघर्ष, त्याग और बलिदान से झारखंड का गठन संभव हुआ।” उन्होंने आगे कहा कि झारखंड का 25वां वर्ष राज्य के गौरव, संकल्प और विकास का प्रतीक है।

सीएम ने बताया कि “रन फॉर झारखंड” न केवल खेल भावना को प्रोत्साहित करने का प्रयास है, बल्कि यह राज्य में एकता, अपनत्व और सामूहिक विकास की भावना को भी मजबूत करता है। इस अवसर पर उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के कार्यक्रमों की श्रृंखला का भी शुभारंभ किया।

उत्साह और एकता का माहौल:

मोरहाबादी मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक सी. सिंह, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सचिव मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, विद्यार्थी, खिलाड़ी और आम नागरिक शामिल हुए। पूरे मैदान में ऊर्जा और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 15 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस पूरे झारखंड में उत्सवपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे राज्य के विकास और एकता के इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Share This Article
Exit mobile version