Tadasha Mishra: रिटायरमेंट से एक दिन पहले तदाशा मिश्रा बनीं झारखंड की पहली महिला DGP

2 Min Read

Tadasha Mishra

रांची। झारखंड सरकार ने 1994 बैच की आईपीएस अधिकारी तदाशा मिश्रा को राज्य की पहली महिला नियमित पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया है। इसके लिए सरकार ने नियमावली में संशोधन किया और नियमित DGP के लिए सेवानिवृत्ति की छह माह की बाध्यता को हटा दिया। इससे पहले वह प्रभारी DGP के रूप में पद संभाल रही थीं। इस नियुक्ति के साथ ही तदाशा मिश्रा झारखंड की पहली महिला DGP बन गई हैं।

रिटायरमेंट से एक दिन पहले मिला बड़ा तोहफा

तदाशा मिश्रा 31 दिसंबर 2025 को रिटायर हो रही थीं, लेकिन राज्य सरकार ने रिटायरमेंट से एक दिन पहले उन्हें यह बड़ा तोहफा दिया। अब उनके अनुभव और दक्षता का पूरा लाभ पुलिस विभाग को मिलेगा। तदाशा मिश्रा ने पहले गृह कारा और आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष सचिव, रांची सिटी एसपी, जैप वन और जैप टू समादेष्टा, बोकारो व गिरिडीह में SP, DIG कार्मिक, IG मानवाधिकार, IG विशेष शाखा और जोनल IG बोकारो जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।

नक्सलवाद विरोधी अभियानों को मजबूती मिलेगी

उनकी नियुक्ति को राज्य में पुलिस सुधार और नक्सलवाद विरोधी अभियानों को मजबूत करने के दृष्टिकोण से भी अहम माना जा रहा है। अपने लंबे करियर में उन्होंने बेहतर प्रशासनिक दक्षता दिखाई और पुलिस विभाग में महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनीं। तदाशा मिश्रा ने व्यक्तिगत जीवन में चुनौतियों का सामना करते हुए भी अपना करियर मजबूती से जारी रखा और अब वे झारखंड पुलिस में इतिहास रचते हुए पहली महिला नियमित DGP बनीं।

Share This Article