Tourists in Ranchi winter: 2026 के स्वागत को तैयार है रांची, सर्द मौसम में पर्यटन स्थलों पर उमड़े सैलानी

Anjali Kumari
3 Min Read

Tourists in Ranchi winter

रांची। नव वर्ष 2026 के स्वागत के लिए राजधानी रांची पूरी तरह तैयार है। शहर के साथ-साथ आसपास के पर्यटन स्थलों पर भी उत्साह और रौनक का माहौल है। कड़ाके की ठंड, हरियाली और झरनों की खूबसूरती ने रांची को इन दिनों हिल स्टेशन जैसा बना दिया है। बीते कई दिनों से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, जिससे ठंड का अहसास और बढ़ गया है।

मौसम विभाग के अनुसार

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी ठंड का असर बना रहेगा। यही कारण है कि बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा से बड़ी संख्या में पर्यटक नव वर्ष मनाने रांची पहुंच रहे हैं। शहर के करीब 90 प्रतिशत होटल फुल हो चुके हैं और पर्यटन स्थलों पर भीड़ लगातार बढ़ रही है। दशम फॉल, हुंडरू फॉल, जोन्हा फॉल, पतरातू घाटी, रॉक गार्डन, बिरसा जैविक उद्यान, धुर्वा, गेतलसूद और कांके डैम पूरी तरह सज-धज कर सैलानियों के स्वागत के लिए तैयार हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगले पांच दिनों में इन स्थलों पर लाखों पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है।

प्रशासन का सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सभी प्रमुख फॉल और पिकनिक स्पॉट पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। डेंजर जोन को चिन्हित कर बैरिकेडिंग की गई है और वहां जाने पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। इसके साथ ही गोताखोरों और आपदा प्रबंधन टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है।

अनगड़ा स्थित हुंडरू फॉल में पानी का प्रवाह कुछ कम है, लेकिन बीते पांच दिनों से यहां भारी भीड़ उमड़ रही है। स्वर्णरेखा नदी पर करीब 320 फीट की ऊंचाई से गिरने वाला यह झरना अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। वहीं, बुंडू के पास स्थित दशम फॉल कांची नदी से बनता है, जहां एक साथ गिरती कई जलधाराएं पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। राजधानी से करीब 40 किलोमीटर दूर जोन्हा फॉल भी इन दिनों सैलानियों से गुलजार है, जहां प्राकृतिक सौंदर्य के साथ ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व भी जुड़ा है। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे केवल सुरक्षित क्षेत्रों में ही घूमें, डेंजर जोन में जाने से बचें और प्रशासन व पर्यटन मित्रों की सलाह का पालन करें, ताकि नव वर्ष का जश्न सुरक्षित और यादगार बन सके।

Share This Article