Firing in Wasseypur
धनबाद। झारखंड की कोयलानगरी Dhanbad के वासेपुर इलाके में शुक्रवार देर रात गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। गैंगस्टर Faheem Khan के बेटे इकबाल खान के ड्राइवर बबली खान उर्फ हैदर अंसारी को दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर किया गया है।
तरावीह के दौरान हुई वारदात
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रमजान के पहले जुमा की रात करीब 11 बजे तरावीह के दौरान इलाके में भीड़ थी। इसी बीच एक दुकान के पास खड़े दो संदिग्ध युवकों से पूछताछ के दौरान कहासुनी और हाथापाई हो गई। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने कमर से पिस्तौल निकालकर बबली खान पर गोली चला दी। गोली लगते ही अफरा-तफरी मच गई और दोनों हमलावर पैदल ही कलालीबागान की ओर भाग निकले। घायल को तत्काल असर्फी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दुर्गापुर भेज दिया गया।
गैंगवार से जोड़कर देख रही पुलिस
घटना को Faheem Khan और Prince Khan के बीच लंबे समय से चली आ रही रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
इलाके में पुलिस का पहरा
सूचना मिलते ही सिटी एसपी Ritwik Srivastava, भूली थाना प्रभारी अभिनव कुमार समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की आशंका सामने आई है। पूरे वासेपुर इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। सिटी एसपी ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







