Woman attacked in Gridih
गिरिडीह। गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत लेदा पंचायत के गादी गांव में रविवार देर शाम इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। छेड़खानी का विरोध करना एक महिला को भारी पड़ गया। आरोपियों ने गुस्से में आकर महिला पर उबलता हुआ तेल डाल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
अंधेरे का फायदा उठाकर की गई वारदात
पीड़िता गादी गांव में समोसा–पकौड़ी की छोटी दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करती है। रविवार शाम दो युवक उसकी दुकान पर पहुंचे। इसी दौरान अचानक बिजली गुल हो गई। अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपियों ने महिला के साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की। महिला ने साहस दिखाते हुए इसका विरोध किया, जिससे आरोपी बौखला गए।
उबलता तेल फेंककर किया हमला
विरोध से नाराज बदमाशों ने दुकान में चूल्हे पर रखी गर्म तेल से भरी कढ़ाही उठाकर सीधे महिला पर फेंक दी। उबलता तेल गिरते ही महिला दर्द से चीख पड़ी और जमीन पर गिर गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
परिजनों ने घायल महिला को तुरंत सदर अस्पताल गिरिडीह पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया। चिकित्सकों के अनुसार महिला के हाथ और पैर बुरी तरह झुलस गए हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। महिला का पति दिव्यांग है और परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी। इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस की कार्रवाई, एक आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस सक्रिय हुई। पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने एक आरोपी उदय चौधरी को हिरासत में ले लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।
इलाके में आक्रोश, सख्त सजा की मांग
घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने दोषियों को कड़ी सजा देने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में जल्द कार्रवाई कर न्याय दिलाया जाएगा।

