Drug bust news
लोहरदगा। लोहरदगा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर दुपट्टा चौक के पास की गई। मामले की जानकारी लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि पुलिस लगातार नशे के धंधे में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान चला रही है और इसी कड़ी में यह सफलता मिली है।
गुप्त सूचना पर गठित की गई विशेष टीम
एसपी सादिक अनवर रिजवी के अनुसार, मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि ब्राउन शुगर की तस्करी की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व किस्को एसडीपीओ वेदान्त शंकर कर रहे थे। टीम ने दुपट्टा चौक के पास घेराबंदी कर अपाची मोटरसाइकिल संख्या JH19F-3187 को रोका, जिस पर सवार दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
तलाशी में ब्राउन शुगर और अन्य सामान बरामद
तलाशी के दौरान संदीप कुमार (24 वर्ष) के पास से करीब 15 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके साथ ही 530 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे मो. अरशद अंसारी उर्फ कुंदन (47 वर्ष) के पास से एक की-पैड मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित बाजार कीमत करीब 52 हजार रुपये बताई जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में लोहरदगा थाना कांड संख्या 233/2025 दिनांक 16 दिसंबर 2025 को एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मादक पदार्थों के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।







