Pandra firing case update:
रांची। राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई सनसनीखेज फायरिंग मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम रवि यादव है, जिसे शुक्रवार को इलाज के बाद ऑर्किड अस्पताल से गिरफ्तार किया गया। फायरिंग की घटना के दौरान रवि यादव भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था और लंबे समय से अस्पताल में भर्ती था। डिस्चार्ज मिलते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
अब तक छह आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
पुलिस इससे पहले 19 जनवरी को इस पूरे कांड का खुलासा कर चुकी है। मामले में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनमें संजय पांडेय, आशु कुमार साहु उर्फ बबलू, जुबैर खान उर्फ अजू, संतोष कुमार गुप्ता उर्फ बाबु, पप्पु साव और रोहित पांडेय शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक लोडेड देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, सात खाली खोखे, तीन पिलेट, एक स्कॉर्पियो वाहन और आठ मोबाइल फोन बरामद किए थे।
तीन एकड़ जमीन बना विवाद की जड़
पुलिस के अनुसार, विवाद कांके रिंग रोड के सुकरहुटू मनातु इलाके की करीब तीन एकड़ जमीन को लेकर चल रहा था। 17 जनवरी की दोपहर करीब एक बजे आकाश सिंह और विकास सिंह गुट का संजय पांडेय, रवि यादव और आशु साव उर्फ बबलू साव के गुट से झगड़ा हुआ, जो मारपीट में बदल गया।
रात में बातचीत के दौरान चली गोलियां
शाम में जमीन और पैसों के लेनदेन को लेकर दोबारा बातचीत के लिए दोनों पक्ष पिस्का मोड़ के पास मिले। बातचीत के दौरान बहस बढ़ी और संजय पांडेय गुट की ओर से अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई। इस घटना में आकाश सिंह के हाथ में गोली लगी, जबकि विकास सिंह को सीने और हाथ में तीन गोलियां लगीं। वहीं रवि यादव के हाथ में गोली और चेहरे के पास छर्रा लगा।
जांच जारी, अन्य आरोपियों की तलाश
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।







