Hiran Chatterjee
मुंबई, एजेंसियां। अभिनेता और पश्चिम बंगाल के खड़गपुर सदर से भाजपा विधायक हिरन चटर्जी इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिरन चटर्जी ने मॉडल और एक्ट्रेस रितिका गिरी से गुपचुप दूसरी शादी कर ली है। यह शादी वाराणसी में एक निजी समारोह में पूरी रीति-रिवाज से संपन्न हुई। हालांकि, इस शादी के सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है।
अनिंदिता ने हिरन पर लगाया आरोप
हिरन की पहली पत्नी अनिंदिता चटर्जी और उनकी 19 वर्षीय बेटी नियासा चटर्जी ने इस दूसरी शादी पर कड़ा विरोध जताया है। अनिंदिता का आरोप है कि हिरन ने उन्हें कानूनी रूप से तलाक दिए बिना दूसरी शादी की, जो गैरकानूनी है। इस मामले को लेकर मां-बेटी ने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है और हिरन पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
नियासा ने क्या कहा?
इस पूरे विवाद में सबसे ज्यादा भावनात्मक असर बेटी नियासा पर पड़ा है। नियासा का कहना है कि उन्हें अपने पिता की दूसरी शादी की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए मिली, जिससे वह पूरी तरह टूट गईं। उन्होंने पुलिस स्टेशन में दिए बयान में कहा कि अचानक पिता की शादी की तस्वीरें देखना उनके लिए बेहद दर्दनाक था।

नियासा ने कहा, “एक बेटी होने के नाते मैं क्या कहूं? मेरी मां रो रही थीं और मैं सोशल मीडिया पर अपने पिता की शादी की तस्वीरें देख रही थी।”नियासा ने इंस्टाग्राम पर अपनी मां के साथ एक इमोशनल वीडियो भी साझा किया, जिसमें उन्होंने अपनी मां को अपनी सबसे बड़ी ताकत और हीरो बताया। उन्होंने लिखा कि उनकी मां ने हर भूमिका मां, पिता और गाइड को मजबूती से निभाया है।
वहीं, रितिका गिरी का दावा है कि अनिंदिता को हिरन के रिश्ते की जानकारी पहले से थी और तलाक का नोटिस भी भेजा गया था। हालांकि, अनिंदिता ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है।


















