Cyber fraud in Palamu: पलामू में बाल विकास कार्यालय का अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने युवती से उड़ाए एक लाख रुपये

2 Min Read

Cyber fraud in Palamu

पलामू। झारखंड के पलामू जिले में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। पाटन थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव की रहने वाली युवती स्वाति कुमारी से साइबर अपराधियों ने खुद को बाल विकास केंद्र के डीएम कार्यालय से जुड़ा अधिकारी बताकर एक लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में पीड़िता ने साइबर थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पीड़िता के अनुसार

पीड़िता के अनुसार, उसे मोबाइल फोन पर एक कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को बाल विकास कार्यालय का अधिकारी बताया। आरोपी ने कहा कि उसके खाते में पांच हजार रुपये की राशि भेजी जा रही है, जिसे तुरंत रिसीव करना होगा। इसके बाद उसने युवती से बैंक का नाम और खाते से जुड़ी जानकारी मांगी।

स्वाति कुमारी ने बताया

स्वाति कुमारी ने बताया कि उसका खाता झारखंड ग्रामीण बैंक में है, जिसमें उस समय करीब 3 लाख 46 हजार रुपये जमा थे। करीब 20 मिनट तक चली बातचीत के दौरान साइबर ठगों ने तकनीकी तरीकों से खाते से रुपये निकाल लिए। पहली बार में 49,999 रुपये, दूसरी बार 40,000 रुपये और तीसरी बार 10,000 रुपये की निकासी की गई।

इसके बाद आरोपियों ने खाते में 4,999 रुपये भेजने का झांसा देकर एक एप डाउनलोड करने और ओटीपी साझा करने को कहा। बैलेंस चेक करने के नाम पर पिन भी डलवाया गया, जिसके बाद खाते को पूरी तरह हैक कर लिया गया। खाते से पैसे निकलने के बाद पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ। पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अनजान कॉल पर अपनी बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी या पिन साझा न करें और इस तरह के कॉल से सतर्क रहें।

Share This Article
Exit mobile version