Rape in Gumla: गुमला में शादी से लौट रही युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म, चार आरोपी गिरफ्तार

2 Min Read

Rape in Gumla

गुमला। झारखंड के गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र में एक युवती के साथसामूहिक दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि पीड़िता पड़ोसी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी। समारोह से लौटते समय चार युवकों ने उसे घर छोड़ने का झांसा दिया और बाइक पर बैठा लिया।

सुनसान जगह ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया

आरोप है कि रास्ते में सुनसान स्थान पर ले जाकर युवकों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। किसी तरह घर पहुंची पीड़िता ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद सोमवार को परिजनों के साथ थाने पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

चारों आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार रात ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी कंचन प्रजापति ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग

पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाएगा, ताकि साक्ष्य संकलन किया जा सके। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। प्रशासन ने पीड़िता को हरसंभव सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

Share This Article