Jharkhand Christmas celebration: क्रिसमस की आस्था और मस्ती में डूबा झारखंड

3 Min Read

Jharkhand Christmas celebration:

रांची। आज 25 दिसंबर को पूरा देश क्रिसमस के जश्न में डूबा हुआ है और झारखंड में भी क्रिसमस की रौनक देखते ही बन रही है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में मिडनाइट से ही क्रिसमस का उत्सव शुरू हो गया है। झारखंड के सभी चर्च तरह-तरह के लाइट्स से सजाये गए हैं जिन्हें देखने के लिए कई लोग एकत्रित हो रहे हैं। रांची सहित अन्य शहरों के प्रमुख चर्चों में आधी रात से विशेष प्रार्थनाओं का आयोजन किया गया। सेंट मैरी कैथेड्रल, बहू बाजार चर्च, गोस्सनर इवेंजेलिकल लूथरन चर्च समेत कई गिरजाघरों में बाइबिल पाठ, कैरोल गायन और घंटियों की गूंज के बीच लोगों ने प्रेम, शांति और विश्व कल्याण के लिए प्रार्थना की। चर्चों को रंग-बिरंगी लाइटों, क्रिसमस ट्री और सजावटी सामानों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है।

बाजारों में भी जबरदस्त रौनक

Jharkhand Christmas celebration

क्रिसमस को लेकर बाजारों में भी जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। रांची के अपर बाजार और मेन रोड जैसे इलाकों में रंगीन लाइट्स, सितारे और क्रिसमस ट्री से सजी दुकानों पर खरीदारी के लिए बच्चों और बड़े लोगों की भीड़ उमड़ रही है। बच्चे सांता कैप पहने नजर आ रहे हैं और हर तरफ उत्सव का माहौल है। बता दें रांची के बिरसा मुंडा पार्क (जेल पार्क) में तो 23 से 25 दिसंबर तक ‘जॉय टाउन क्रिसमस कार्निवल’ चल रहा है, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां लाइव म्यूजिक, डीजे, फायर शो, मैजिक शो, गेम्स, सांता परेड और फूड स्टॉल्स का आनंद लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। घरों में भी लोग अपने तरह से क्रिसमस की खुशियां मना रहे हैं। लोग आधे रात से ही केक काट रहे हैं, मिठाइयां बांट रहे हैं, पटाखे फोड़ रहें और परिवार व दोस्तों के साथ समय बिता रहे हैं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी बधाई

क्रिसमस और आने वाले नए साल को देखते हुए रांची सहित अन्य शहरों में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। क्रिसमस के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ईसाई समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर बधाई दी, वहीं राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सहित कई नेताओं ने लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए शांति और प्रेम की कामना की।

Share This Article