Jharkhand 25th foundation day:
रांची। झारखंड के 25वें स्थापना दिवस पर राज्यवासियों को कई सौगात मिलने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 15 नवंबर को रांची में होने वाले मुख्य समारोह में कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं, डिग्री कॉलेज, अस्पताल और अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा कचहरी रोड में नव निर्मित रवींद्र भवन का भी उद्घाटन करेंगे। इस दिन 5992 करोड़ की 166 योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इन योजनाओं के अमल में आने के बाद राजधानी रांची नए रूप में दिखेगी। झारखंड सरकार और रांची स्मार्ट सिटी लिमिटेड मिलकर शहर को हरित, आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू करने जा रहे हैं।
रांची मॉडल सिटी के रूप में उभरेगाः
इन योजनाओं का उद्देश्य न केवल रांची को एक मॉडल स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करना है, बल्कि नागरिकों को बेहतर जीवन-स्तर और पर्यावरण अनुकूल वातावरण प्रदान करना भी है। स्मार्ट सिटी क्षेत्र में सामुदायिक पार्क और इको पार्क को विकसित किया जाएगा, जहां लोगों को मनोरंजन, व्यायाम और परिवार संग समय बिताने की आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए हरमू चौक और सहजानंद चौक के गोलंबरों का हार्ड स्केप और सॉफ्ट स्केप विकास किया जाएगा, जिससे चौक आकर्षक और व्यवस्थित दिखेंगे।
ये तोहफे मिलेंगेः
• स्मार्ट सिटी में सामुदायिक पार्क एवं इको पार्क
• रांची स्मार्ट सिटी में रिक्रिएशन पार्क वन एवं टू का विकास
• हरमू चौक और सहजानंद चौक के गोलंबर के हार्ड स्केप एवं सॉफ्ट स्केप का विकास
• रांची हवाई अड्डा से हिनू तक सड़क सतहीकरण और हार्ड स्केप का विकास
• हिनू चौक से बिरसा चौक तक हार्ड स्केप एवं सॉफ्ट स्केप तथा सड़क पुन: सतह एवं नवीनीकरण कार्य
• आईटीआई बस स्टैंड और राजकीय बस स्टैंड का विकास
• खादगढ़ा में बिरसा मुंडा बस टर्मिनल का नवीनीकरण
• पुराना अरगोड़ा चौक से नयासराय भाया पुंदाग पथ फोर लेन कार्य
• रांची बरियातू पथ से जिमखाना क्लब भाया मेडिकल हॉस्पिटल पथ राइडिंग कार्य
• कामडारा-बेड़ो पथ और तैमारा घाटी-दशम फॉल की राइडिंग क्वालिटी में सुधार
• विवेकानंद स्कूल मोड़ से रिंग रोड भाया उच्च न्यायालय
• झारखंड विधानसभा का सर्विस रोड, साइकिल ट्रैक व फुटपाथ का छह लेन में चौड़ीकरण
• नयसराय आरओबी से रिंग रोड लिंक पथ का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य







