Jamshedpur Health Minister visit:
जमशेदपुर। जमशेदपुर के परसुडीह स्थित सदर अस्पताल परिसर में बुधवार को एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिलेगा। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी आज ओपीडी में मरीजों का इलाज एक चिकित्सक के रूप में करेंगे। यह देश में पहली बार होगा जब कोई मंत्री स्वयं डॉक्टर की भूमिका निभाकर मरीजों की जांच और परामर्श देंगे।
अत्याधुनिक प्री-फैब्रिकेटेड अस्पताल का उद्घाटन:
इसी मौके पर स्वास्थ्य मंत्री 6 करोड़ 38 लाख 90 हजार रुपये की लागत से बने 100 बेड वाले अत्याधुनिक प्री-फैब्रिकेटेड अस्पताल का उद्घाटन भी करेंगे। इस अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाया गया है ताकि सामान्य से लेकर गंभीर अवस्था के मरीजों का इलाज एक ही छत के नीचे हो सके। फिलहाल हार्ट और मधुमेह विभाग की ओपीडी शुरू की जा रही है, जबकि अन्य विभाग चरणबद्ध तरीके से खुलेंगे। जल्द ही इनडोर सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके साथ ही उत्तरी भारत के पहले हाई-टेक सिकल सेल लैब का लोकार्पण भी किया जाएगा। यह लैब एक साथ 92 मरीजों की जांच करने में सक्षम है और कुछ ही घंटों में रिपोर्ट देने की क्षमता रखती है। पूर्वी सिंहभूम के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पॉल ने बताया कि लैब में कई ऐसी मशीनें लगी हैं जो उत्तर भारत में पहली बार उपयोग होंगी। इसके संचालन के लिए हैदराबाद से तीन विशेषज्ञ तकनीशियन भी नियुक्त किए गए हैं। इस लैब से जमशेदपुर ही नहीं, पूरे झारखंड के मरीजों को लाभ मिलेगा और सिकल सेल की पहचान एवं उपचार में गति आएगी। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री 10 दिव्यांगजन को प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे और उपायुक्त कार्यालय में आयोजित ट्राइसाइकिल वितरण कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
नए अस्पताल की प्रमुख सुविधाएं:
नए 100 बेड के अस्पताल में हाईटेक वार्ड, ऑक्सीजन सपोर्ट बेड, मिनी ऑपरेशन थिएटर, पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीन, 24 घंटे फार्मेसी और इमरजेंसी, 24×7 एयर कंडीशनिंग सिस्टम, पीएसए प्लांट, दो डीप बोरिंग, दो 30 हजार लीटर की पानी टंकियां और मरीजों के परिजनों के लिए बैठने-रुकने की व्यवस्था उपलब्ध है। अस्पताल संचालन के लिए 4 चिकित्सक, 35 नर्सें, 10 सपोर्ट स्टाफ, 10 सफाई कर्मी और 1 कंप्यूटर ऑपरेटर तैनात किए गए हैं।







