JAC Board Exam 2026: 3 फरवरी से शुरू हो रही मैट्रिक-इंटर परीक्षा, राज्यभर में तैयारियां पूरी

2 Min Read

JAC Board Exam 2026:

रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की ओर से मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्यभर में यह परीक्षाएं 3 फरवरी से शुरू होंगी, जिसमें कुल 7.48 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जैक ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। राज्य के कुल 1989 परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी रखी जाएगी, जिसे ‘तीसरी आंख’ की नजर कहा जा रहा है।

परीक्षा सामग्री की सुरक्षा पर विशेष फोकस

जैक द्वारा सभी जिलों को प्रश्न-पत्र और परीक्षा सामग्री भेज दी गई है। साथ ही कोषागार से लेकर परीक्षा केंद्र तक प्रश्न-पत्रों की सुरक्षित ढुलाई को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कोषागारों में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका न रहे।

मैट्रिक के 4.23 लाख, इंटर के 3.24 लाख छात्र

इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा में कुल 4,23,861 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनके लिए राज्यभर में 1232 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 3,24,321 छात्रों ने आवेदन दिया है, जिसके लिए 757 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

इंटर संकायवार आंकड़े

इंटर साइंस में 90,579, कॉमर्स में 21,195 और आर्ट्स संकाय में 2,12,547 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार मैट्रिक और इंटर दोनों में परीक्षार्थियों की संख्या में कमी दर्ज की गई है।

जिलावार स्थिति

मैट्रिक परीक्षा में गिरिडीह जिला सबसे आगे है, जहां 40,827 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जबकि खूंटी जिले में सबसे कम 6,097 छात्र परीक्षा देंगे। इंटरमीडिएट में भी गिरिडीह जिले में सबसे अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

सख्ती से होगा नियमों का पालन

जैक ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान अनुशासनहीनता या नकल पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। छात्रों से समय पर केंद्र पहुंचने और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Share This Article
Exit mobile version