प्रशासन के सहयोग से हुआ अवैध खनन

3 Min Read

पूर्व सीएम के प्रेस सलाहकार का खुलासा

रांची। पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद पिंटू ने ED की पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किये हैं।

बीते सोमवार को ईडी ने करीब 12 घंटे पिंटू से पूछताछ की थी। इस दौरान पिंटू ने ईडी को कई अहम जानकारी दी है।

इसके आधार पर अब ईडी आगे की कार्रवाई करेगी। पूछताछ के दौरान पिंटू ने यह माना है कि साहिबगंज में माइनिंग लीज लेने में प्रशासनिक स्तर पर मदद मिली थी।

बता दें कि अवैध खनन मामले में ईडी ने 14 मार्च को समन देकर 18 मार्च को पूछताछ के लिए पिंटू को बुलाया था।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पिंटू ने पूछताछ के दौरान साहिबगंज में माइनिंग लीज लेने और इसमें प्रशासनिक स्तर पर मदद मिलने की बात स्वीकार की है।

पिंटू से पूछताछ के दौरान ईडी ने विनोद सिंह के माध्यम से किये गये निवेश से जुड़े सवाल पूछे। वहीं, विनोद सिंह के मोबाइल फोन के व्हाट्सऐप चैट से मिले ब्योरे को लेकर भी पूछताछ की।

पिंटू ने विनोद सिंह के साथ अपने संबंधों को स्वीकार किया, लेकिन उसके माध्यम से किये गये निवेश और तत्कालीन सीएम हेमंत सोरेन से विनोद सिंह के संबंधों को लेकर लगे आरोपों से इनकार किया।

इडी ने विनोद, पिंटू और हेमंत सोरेन के बारे में मिली शिकायतों के आधार पर विनोद सिंह को भी छापेमारी के दायरे में शामिल किया था।

बताते चलें कि जमीन घोटाला और अवैध खनन मामले में बीते 3 जनवरी को ईडी ने पिंटू के ठिकानों पर छापेमारी की थी।

फरवरी महीने में ईडी ने पिंटू के मोबाइल का डाटा भी रिट्रीव किया था। इसके साथ ही साहिबगंज में डीएसपी रहते हुए अवैध खनन के मामले में प्रमोद मिश्रा ईडी के रडार पर आये थे।

धुर्वा थाने में ईडी के गवाह विजय हांसदा से जुड़े केस में जिसमें ईडी के अफसरों को आरोपी बनाया गया था, उस केस का अनुसंधान भी प्रमोद मिश्रा कर रहे हैं।

प्रमोद मिश्रा से ईडी पूर्व में दो बार पूछताछ कर चुकी है और आज फिर उनसे पूछताछ हो रही है।

इसे भी पढ़ें

डीएसपी प्रमोद मिश्र पहुंचे ईडी आफिस, अवैध खनन मामले में हो रही पूछताछ

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं