आंख और किडनी निकाल कर बेचने की दी गई धमकी
गढ़वा, एजेंसियां। झारखंड के प्राइवेट फाइनांस कंपनियों का कुकृत्य एक बार फिर सामने आया है।
गढ़वा में कर्ज न चुका पाने की वजह से सेटिंग माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मियों ने भवनाथपुर थाना क्षेत्र के रोहिनिया गांव निवासी संतोष राम और आशा देवी के 12 वर्षीय पुत्र अनीश कुमार को अगवा कर लिया।
आरोप है कि बच्चे को कंपनी की शाखा में 14 दिनों तक बंधक बना कर रखा गया। इस दौरान बच्चे से नौकरों वाले काम कराये जाते थे।
वहीं, कंपनी के कर्मचारी बच्चे को धमकी देते थे कि अगर उसकी मां ने कर्ज नहीं चुकाया, तो उसकी आंखें और किडनी निकाल कर बेच देंगे।
श्री बंशीधर नगर एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह और स्थानीय लोगों की पहल पर नाबालिग बच्चे को मुक्त करा लिया गया है।
पुलिस ने नाबालिग की मां के आवेदन पर दो नामजद और एक अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक निगम यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
जबकि, कर्मचारी उमाशंकर तिवारी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। सेटिंग माइक्रो फाइनेंस कंपनी की शाखा श्री बंशीधर नगर शहर के हेन्हों मोड़ के निकट है।
आशा देवी ने दो साल पहले समूह के माध्यम से इस कंपनी से 40 हजार रुपये कर्ज लिया था। इसमें से उन्होंने ने 22 हजार रुपये जमा कर दिये थे। 18 हजार रुपये बकाया रह गये थे।
इस बकाया रकम को चुकाने के लिए फाइनेंस कंपनी का मैनेजर निगम यादव लगातार उन पर दबाव बना रहा था, लेकिन पैसों का जुगाड़ नहीं होने की वजह से वे कर्ज नहीं चुका पा रही थीं।
वहीं, नाबालिग अनीश ने बताया कि दो हफ्ते पहले वह और उसकी बड़ी बहन घर में अकेले थे। उस दौरान बैंक के साहब लोग उसकी मां को खोजने आये।
मां को खोजने के बहाने उन लोगों ने अनीश को गाड़ी पर बैठाया और नगर ऊंटारी हेन्हों मोड़ के पास स्थित ब्रांच में ले गये, जहां उसे बंधक बना लिया गया।
साथ ही उसकी मां को सूचना दी कि जब तक बकाया पैसे नहीं लौटाओगी, तब तक बेटा हमारे कब्जे में रहेगा।
अनीश ने बताया कि बैंक का कर्मचारी उमाशंकर तिवारी उसके साथ मारपीट करता था। कभी -कभी तो वह गला भी दबाने लगता था।
उससे गंदे कपड़े और जूठे बर्तन साफ कराये जाते थे। शराब पीने के बाद उससे बोतलें भी फेंकवाते थे। उसे धमकी दी जाती थी कि तुम्हारी मां ने कर्ज नहीं चुकाया, तो तुम्हारी किडनी और आंखें निकाल कर बेच देंगे।
इसे भी पढ़ें
होली पर Renault का तोहफा, क्विड, ट्राइबर और काइगर पर बंपर छूट









