रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि केंद्र की भाजपा सरकार गैर भाजपा शासित राज्यों के साथ पक्षपात कर रही है। हमने गरीब और जरूरतमंद को अनाज देने के लिए हरा राशन कार्ड योजना शुरू की। केंद्र सरकार से गरीबों को अनाज देने के लिए अनाज मांगा जा रहा है कि केंद्र सरकार सरकारी दर पर अनाज उपलब्ध कराये। लेकिन हमें अनाज नहीं दिया जा रहा है। परिणाम स्वरूप हम महंगे दर पर अनाज खरीद कर गरीबों के बीच वितरित कर रहे हैं। वे बुधवार को गिरिडीह के डुमरी में जन-कल्याणकरी योजनाओं के शिलान्यास, उद्घाटन और परिसम्पत्ति वितरण कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि राज्य की ग्रामीण सड़कों को बेहतर करना सरकार की मंशा है। समीक्षा के दौरान मुझे पता चला कि 15 हजार किमी सड़क जो ग्रामीण क्षेत्र में पड़ती है उन्हें अलग-अलग वर्षों में निर्माण करने के लिए रखा गया है। मैंने उन सभी सड़कों का निर्माण इसी वर्ष कराने का निर्देश दिया है। इन सड़कों का निर्माण कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि डुमरी में उत्कृष्ट विद्यालय बन गया है। राज्य के उत्कृष्ट विद्यालय प्राइवेट स्कूल से भी बेहतर स्कूल बनेंगे। आज स्कूलों में जो शिक्षक हैं उन सभी शिक्षकों को आईआईएम जैसे संस्थान में प्रशिक्षण कराकर बच्चों को पढ़ाने भेज रहे हैं। इन सभी स्कूलों में सभी सब्जेक्ट के शिक्षक होंगे। यहां प्रिंसिपल भी होंगे। पढ़ाई भी होगा और खेल-कूद भी।
नेतरहाट आवासीय विद्यालय के तर्ज पर यहां भी विद्यालय बनाने पर सरकार कार्य कर रही है। राज्य के सभी वर्ग, बच्चियों, माताओं-बहनों, बुजुर्गों और युवाओं के लिए सरकार काम कर रही है। आज सरकार सिर्फ काम ही नहीं कर रही, बल्कि योजनाओं को गांव- गांव तक पहुंचा भी रही है। मैं खुद सरकार की योजनाओं का आंकलन लोगों के बीच जाकर और रांची से समीक्षा कर, कर रहा हूं। कभी किसी ने सोचा था कि सरकार ग्रामीणों के द्वार जाकर उनकी समस्याओं का निराकरण करेगी? 20 वर्ष में कभी किसी के दरवाजे पर प्रखण्ड के पदाधिकारी नहीं गए।
लेकिन आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत यह सब फलीभूत हुआ। उसी का परिणाम है कि आज सभी बुजुर्ग, विधवा, परित्यक्त और एकल महिलाओं, दिव्यांग लोगों को पेंशन और योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। लाखों लोगों को योजनाओं से जोड़ा गया है। इससे पहले उन्होंने जगरनाथ महतो को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि बीमार होने के बावजूद टाइगर जगरनाथ दा लोगों की सेवा करते रहे।
कोरोना के समय लोगों के दुखों के सामने उन्हें अपनी पीड़ा नहीं दिखी और लोगों की सेवा करते-करते उनका निधन हो गया। उनके सपनों को साकार करने का काम राज्य सरकार कर रही है। कार्यक्रम में मंत्री हफीजुल हसन समेत कई सरकारी अधिकारी उपस्थित थे।
